Ranchi: रांची पुलिस ने उत्पाद सिपाही परीक्षा पेपर लीक मामले में एक और गिरफ्तारी की है। पुलिस ने बिहार के सहरसा में छापामारी कर बंगाल के सिलीगुड़ी में कर्मचारी भविष्य निधि कार्यालय में क्लर्क के तौर पर काम करने वाले अमृत राज उर्फ बुलबुल को गिरफ्तार किया है। अमृत राज को पेपर लीक मामले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद अमृत राज का नाम सामने आया था। इसके बाद से पुलिस अमृत राज के ठिकाने पर नजर रखे हुए थी। रांची पुलिस को सूचना मिली कि अमृत राज छुट्टी पर अपने घर बिहार के सहरसा आया है।
अमृत को रिमांड पर लेगी पुलिस
इसी के बाद छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इसके बाद पुलिस ने अमृत राज को जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अमृत राज को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। इसके लिए कोर्ट में आवेदन दे दिया गया है। अमृत से पूछताछ में उसके पूरे नेटवर्क का पता लगाया जाएगा। पुलिस को पता चला है कि अमृत राज का नेटवर्क रांची तक फैला हुआ है। बताया जा रहा है कि इस मामले की कई बड़ी मछलियां अभी भी पकड़ से बाहर हैं। इनको गिरफ्त में लेने की कोशिश की जा रही है।
रड़गांव में छापेमारी कर की गई थी साल्वर गैंग के सदस्यों की गिरफ्तारी
रांची के हेडक्वार्टर डीएसपी वन अमर पांडे ने बताया कि इस मामले में पुलिस पहले ही 166 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। रांची पुलिस ने तमाड़ थाना क्षेत्र रड़गांव स्थित अर्द्धनिर्मित नर्सिंग कॉलेज में 11 अप्रैल को छापेमारी की थी। पुलिस ने साल्वर गैंग के आधा दर्जन लोगों समेत 159 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया था। इन सभी को उत्पाद सिपाही प्रश्न पत्र का उत्तर रटाया जा रहा था। अभ्यर्थियों से कहा गया था कि जिन प्रश्न पत्र का उत्तर रटाया जा रहा है। 12 अप्रैल को होने वाली परीक्षा में यही प्रश्न पत्र आएगा। इसके एवज में अभ्यर्थियों से तीन-तीन लाख रुपए लिए गए थे।
Read also Jamshedpur News: सिर पर लकड़ी लेकर डीसी ऑफिस पहुंचे झामुमो कार्यकर्ताओं ने चूल्हे पर बनाई चाय

