Home » Jamshedpur Aftab Murder Case : मुख्य शूटर समेत तीन गिरफ्तार, दो नाबालिग भी पुलिस की पकड़ में

Jamshedpur Aftab Murder Case : मुख्य शूटर समेत तीन गिरफ्तार, दो नाबालिग भी पुलिस की पकड़ में

Jamshedpur Aftab Murder Case : पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई एक देशी पिस्तौल, दो जिंदा 7.65 एमएम कारतूस, एक मैगजीन तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : बर्मामाइंस में मोहम्मद अफताब आलम हत्याकांड के मामले में पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य शूटर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस मामले में शामिल दो विधि-विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की रात रेलवे कंटेनर यार्ड के पास मोहम्मद अफताब आलम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गई थीं। गंभीर रूप से घायल अफताब को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद बर्मामाइंस थाना में कांड संख्या-42/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया।

6 अगस्त की रात एसआईटी ने बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित बंद पड़े बैचिंग प्लांट में छापेमारी कर मामले के मुख्य शूटर शहबाज उर्फ मोहम्मद शहबाज उर्फ भोंदू और मोहम्मद रेहान उर्फ अब्दुल रेहान को गिरफ्तार कर लिया। इनके साथ मामले में शामिल दो विधि-विरुद्ध किशोरों को भी पुलिस ने निरुद्ध किया।

पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई एक देशी पिस्तौल, दो जिंदा 7.65 एमएम कारतूस, एक मैगजीन तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की।

जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले के एक अन्य आरोपी शेख रहीम को ओडिशा के मयूरभंज जिले के बहलदा थाना क्षेत्र स्थित सोसो गांव से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में इससे पहले भी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

पुलिस ने किया यह सामान बरामद

  • एक देशी पिस्तौल
  • दो जिंदा 7.65 एमएम कारतूस
  • एक मैगजीन
  • हीरो कंपनी की काले रंग की मोटरसाइकिल (JH05EA-8066)
  • हीरो कंपनी की काले रंग की मोटरसाइकिल (JH05BJ-2902)

गिरफ्तार आरोपी

  • शहबाज उर्फ मोहम्मद शहबाज उर्फ भोंदू (20 वर्ष), पिता – मोहम्मद अफरोज उर्फ बंटी
  • मोहम्मद रेहान उर्फ अब्दुल रेहान (19 वर्ष), पिता – अब्दुल जाकिर कादरी उर्फ कुंदन काड़ा, निवासी कैरेज कॉलोनी, मुस्लिम बस्ती, बर्मामाइंस
  • शेख रहीम (40 वर्ष), पिता – शेख शमसुद्दीन, निवासी ग्राम सोसो, थाना बहलदा, जिला मयूरभंज (ओडिशा) दो विधि-विरुद्ध किशोर (नाम गोपनीय)
  • दो विधि-विरुद्ध किशोर (नाम गोपनीय)

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही हत्याकांड से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों और पूरे षड्यंत्र की कड़ियों को खंगालने के लिए जांच जारी है।

Read Also: JAC Board : पूर्वी सिंहभूम जिले में मैट्रिक व इंटरमीडिएट पूरक परीक्षा पहले दिन शांतिपूर्ण संपन्न, विभिन्न केंद्रों पर इतने परीक्षार्थी हुए शामिल

Related Articles