
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा रेलवे मार्केट में चोरों ने एक मोबाइल दुकान में चोरी का प्रयास किया, लेकिन चोर अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। जानकारी के अनुसार घटना रविवार देर रात की है। रेलवे मार्केट स्थित मोबाइल दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि रविवार रात क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी, जिसके कारण सड़कों पर आवाजाही काफी कम थी। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने दुकान में घुसने की कोशिश की।
चोरों ने दुकान के मुख्य दरवाजे पर लगे ताले को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन ताला पूरी तरह नहीं टूट पाया। दुकान की सुरक्षा के लिए बाहर एक और ताला लगा हुआ था, जिसे भी चोर नहीं तोड़ सके। इस कारण वे दुकान के अंदर प्रवेश नहीं कर पाए और दुकान में रखे मोबाइल फोन समेत सभी सामान सुरक्षित बच गया।
सोमवार सुबह जब दुकान संचालक गुलबाज खान दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि ताले के साथ छेड़छाड़ की गई है। जांच करने पर पता चला कि रात में चोरी का प्रयास किया गया था। गनीमत रही कि चोरी का प्रयास विफल हो गया।
घटना के बाद रेलवे मार्केट के दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय दुकानदारों ने रात के समय बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। बताया जा रहा है कि इस मामले की सूचना अभी तक पुलिस को नहीं दी गई है।
Read AlsoChaibasa News : नदी का तेज बहाव तीन लोगों को बहा ले गया: दो के शव मिले, महिला की तलाश जारी

