
Ranchi : 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा और JSSC CGL-2023 में कथित नियुक्ति घोटाले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 11 सितंबर को सुनवाई होने की संभावना है।
हरिशरण देवगन ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर दोनों परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग की है। मामले की सुनवाई 24 अगस्त को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने की थी। पीठ में न्यायमूर्ति जॉय माल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी शामिल थे। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने मामले में झारखंड सरकार, सीबीआई, जेपीएससी, जेएसएससी और केंद्र सरकार को नोटिस जारी करने का आदेश दिया था। अदालत ने नोटिस की प्रति संबंधित पक्षों को हाथों-हाथ उपलब्ध कराने की अनुमति भी दी थी।
अदालत के आदेश के बाद राज्य सरकार की ओर से उपस्थित अधिवक्ता को उसी दिन नोटिस की प्रति सौंप दी गई। राज्य सरकार को सीबीआई जांच से संबंधित नोटिस प्राप्त हो चुका है। याचिका में 14वीं JPSC परीक्षा और JSSC CGL-2023 में कथित नियुक्ति अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की अगली सुनवाई 11 सितंबर को होने की संभावना।
Read also Ranchi News : बैंक ऑफ बड़ौदा में 2482 लोकल बैंक ऑफिसर पदों पर भर्ती, 7 सितंबर तक आवेदन का मौका

