
Jamshedpur : गोविंदपुर अन्ना चौक के समीप जर्जर सड़क, जलजमाव और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लगातार हो रहे सड़क हादसों से स्थानीय लोगों का आक्रोश सोमवार को सड़क पर देखने को मिला। आज सुबह हुए एक सड़क हादसे के बाद जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़क के गड्ढों में पेड़-पौधे लगाकर अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया और सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान डॉ. परितोष सिंह ने जिला प्रशासन और संबंधित कंपनी प्रबंधनों पर क्षेत्र की सड़क समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जेमको चौक से अन्ना चौक तक करीब पांच बड़ी कंपनियां संचालित हैं, इसके बावजूद सड़क पर जलजमाव और बड़े-बड़े गड्ढों की समस्या बनी हुई है। आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन और कंपनी प्रबंधन को किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि समस्या का तत्काल स्थायी समाधान करना चाहिए।
डॉ. परितोष सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर व्यापक जन-आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र की आर्थिक नाकेबंदी तक की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित कंपनियों की होगी।
विरोध प्रदर्शन में जम्मी भास्कर, पिंकी सिंह, रमन सिंह, राजबान सिंह, गोविंदा लोहरा, इंद्रजीत सिंह, दिनेश सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय बस्तीवासी शामिल हुए। ग्रामीणों ने सड़क की शीघ्र मरम्मत, जलजमाव से निजात और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही आनन-फानन में टाटा मोटर्स की ओर से सड़क के गड्ढों में स्लैग गिराकर उन्हें भरने का प्रयास किया गया।

