
Jamshedpur : मानगो थाना क्षेत्र के ओल्ड सुभाष कॉलोनी स्थित अनुग्रह नारायण कॉलोनी में सोमवार तड़के एक संदिग्ध युवक के घर में घुसने की कोशिश का मामला सामने आया है। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में युवक की संदिग्ध गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं।
गौरतलब है कि सोमवार सुबह करीब 4 बजे एक बोलेरो मनोज सिंह के घर के बाहर आकर रुकी। बोलेरो से एक युवक नीचे उतरा और घर के अंदर प्रवेश करने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान आसपास मौजूद एक बुजुर्ग की नजर उस पर पड़ गई।
बुजुर्ग ने युवक को रोककर उससे पूछा कि वह कहां जा रहा है और घर में क्यों घुसने की कोशिश कर रहा है। आरोप है कि युवक ने जवाब दिया, “आपको क्या लेना-देना है।” इसके बावजूद वह घर में प्रवेश करने का प्रयास करता रहा। सीसीटीवी फुटेज में युवक को घर की रेलिंग के सहारे ऊपर की ओर पहुंचने की कोशिश करते देखा जा सकता है। हालांकि, वह घर के अंदर दाखिल होने में सफल नहीं हुआ। कुछ देर बाद वह वहां से निकल गया और बोलेरो में सवार होकर चला गया।
घटना की पूरी गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्ध युवक की पहचान करने का प्रयास कर सकती है। परिजनों को आशंका है कि युवक चोरी के इरादे से घर में प्रवेश करना चाहता था। हालांकि, उसके वास्तविक उद्देश्य का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Read also Palamu News: रिश्वत लेने वाले तत्कालीन प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को 5 साल की सजा

