Home » Affordable Treatment : कम खर्च, समुचित इलाज और सही व्यवहार से बनती है अस्पताल की पहचान : राज्यपाल

Affordable Treatment : कम खर्च, समुचित इलाज और सही व्यवहार से बनती है अस्पताल की पहचान : राज्यपाल

by Nikhil Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल बीमारियों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवीय गरिमा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी से भी जुड़ी हुई है। आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को सुलभ एवं किफायती चिकित्सा उपलब्ध कराने वाले संस्थानों की समाज में महत्वपूर्ण भूमिका है।
राज्यपाल सोमवार को रांची स्थित नागरमल मोदी सेवा सदन के 69वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1958 में एक छोटे मातृत्व गृह के रूप में शुरू हुई यह संस्था आज बहुविशेषता वाले अस्पताल के रूप में विकसित हो चुकी है। लगभग सात दशक की इसकी यात्रा सेवा, समर्पण और सामाजिक सहयोग की प्रेरक मिसाल है।
राज्यपाल ने कहा कि किसी अस्पताल की पहचान केवल उसकी इमारत, आधुनिक उपकरणों और तकनीकी सुविधाओं से नहीं होती। मरीज अस्पताल में अपने साथ बीमारी के अलावा चिंता, पीड़ा और बेहतर इलाज की उम्मीद भी लेकर आता है। ऐसे में उपचार के साथ मरीज के सम्मान, विश्वास और भावनाओं का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने कहा कि नागरमल मोदी सेवा सदन का संदेश “कम खर्च, समुचित इलाज, सही व्यवहार” चिकित्सा सेवा में किफायत, गुणवत्ता और मानवीय संवेदना के महत्व को दर्शाता है। बढ़ते चिकित्सा खर्च के बीच किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने वाले संस्थानों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
राज्यपाल ने कहा कि रांची और आसपास के क्षेत्रों के लोगों का सेवा सदन पर वर्षों से बना विश्वास ही इसकी सबसे बड़ी पूंजी है। इस विश्वास को बनाए रखने के लिए चिकित्सा की गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा, स्वच्छता और मानवीय व्यवहार को प्राथमिकता देनी होगी। साथ ही बदलती जरूरतों के अनुरूप आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ सेवाओं, प्रशिक्षण और अनुसंधान को भी बढ़ावा देना आवश्यक है।
उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग, तकनीकी स्टाफ और अन्य कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि किसी अस्पताल की सफलता पूरी टीम के समन्वय, परिश्रम और समर्पण से सुनिश्चित होती है। मरीज के कठिन समय में उसके साथ खड़ा रहना और उसके मन में विश्वास जगाना चिकित्सा सेवा का महत्वपूर्ण पक्ष है।
इससे पहले राज्यपाल ने अस्पताल के सामुदायिक डायलिसिस विभाग का भ्रमण किया और वहां इलाजरत मरीजों से मिलकर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

Related Articles

Leave a Comment