
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सल गतिविधियों की स्थिति को लेकर बुधवार को जमशेदपुर में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सिंहभूम (कोल्हान) क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक की अध्यक्षता में हुई बैठक में दोनों जिलों के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा बलों के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक, नगर एवं ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक सहित सीआरपीएफ के उप-समादेष्टा और सहायक समादेष्टा मौजूद रहे। इसके अलावा पटमदा, बोड़ाम, कमलपुर, एमजीएम, घाटशिला, गालूडीह, चांडिल और नीमडीह थाना प्रभारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
समीक्षा के दौरान दोनों जिलों के नक्सल प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों से इन इलाकों में लगातार निगरानी रखने और सुरक्षा अभियान को और तेज करने को कहा गया।
बैठक में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में अभियान को अधिक प्रभावी बनाने और नक्सलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
अधिकारियों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, अभियान की प्रगति और संभावित चुनौतियों की समीक्षा करते हुए आपसी समन्वय के साथ आगे की रणनीति पर भी चर्चा की।

