
धनबाद : ट्रेन में सफर के दौरान एक अजीबोगरीब वाकया सामने आया है। महिला टीटीई टिकट चेक कर ही रही थी। तभी यात्रियों ने एक दूसरी मैडम द्वारा टिकट चेक करने की शिकायत कर दी। मामला आसनसोल से गया जा रही मेमू स्पेशल ट्रेन का है।
रेल सूत्रों ने बताया कि धनबाद रेल मंडल की महिला टीटीई टीम डिब्बों में टिकट जांच कर रही थी। तभी कुछ यात्रियों और वेंडरों ने उनसे कहा “मैडम! आप लोग यहां हैं, तो बगल वाले डिब्बे में टिकट चेक कर रही महिला कौन है?” वह यात्रियों को टिकट की रसीद भी काट रही है। यह सुनते ही चेकिंग टीम के कान खड़े हो गए।
पकड़े जाने का पूरा मामला
आरोपी महिला खुद को रेलवे की टीटीई बताकर बोगी में यात्रियों के टिकट जांच रही थी। शिकायत मिलने पर महिला स्क्वाड प्रभारी नूतन माला कुजूर और उनकी टीम ने तुरंत तलाश शुरू की और संदिग्ध महिला को रंगे हाथों ढूंढ निकाला।
गिरफ्तारी की जानकारी तुरंत कमर्शियल कंट्रोल को दी गई। ट्रेन जैसे ही धनबाद स्टेशन पर रुकी, आरपीएफ और डिप्टी एसएस की टीम ने उसे हिरासत में लेकर रेल पुलिस को सौंप दिया।
रेल प्रशासन ने यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कहा है कि अगर कोई भी संदिग्ध व्यक्ति रेल कर्मचारी बनकर अवैध वसूली या फर्जी जांच करता दिखे, तो डिब्बे में मौजूद रेलकर्मियों को बताएं या तुरंत रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत दर्ज कराएं।
Read Also: Jamshedpur : जीरो टॉलरेंस अभियान में 55 अपराधी गिरफ्तार, 10 असलहे बरामद

