Home » Jamshedpur News : लाइसेंसी पिस्तौल वाले वायरल वीडियो पर दुखनी सोरेन ने दी सफाई, कहा- कोई कानून नहीं तोड़ा

Jamshedpur News : लाइसेंसी पिस्तौल वाले वायरल वीडियो पर दुखनी सोरेन ने दी सफाई, कहा- कोई कानून नहीं तोड़ा

by Mujtaba Haider Rizvi
Jamshedpur News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला विधायक चंपई सोरेन की पुत्री दुखनी सोरेन का हथियार के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्होंने बुधवार को पूरे मामले पर सफाई दी। दुखनी सोरेन ने कहा कि वायरल वीडियो को लेकर जिस तरह की चर्चाएं हो रही हैं, उसमें उन्होंने किसी भी कानून का उल्लंघन नहीं किया है।

दुखनी सोरेन ने बताया कि वह एक कार्यक्रम से लौटने के दौरान काफी थक गई थीं। इसके बाद जमशेदपुर परिसदन में कुछ देर आराम करने के लिए रुकी थीं। इस दौरान उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल, मोबाइल फोन और अन्य सामान सोफे पर रख दिया था और आराम कर रही थीं। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उनका वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो उन्हें भी उपलब्ध कराया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो में लोगों का ध्यान केवल उनकी लाइसेंसी पिस्तौल पर जा रहा है, जबकि सोफे पर रखा उनका मोबाइल फोन और अन्य सामान नजरअंदाज किया जा रहा है। दुखनी सोरेन ने सवाल किया कि यदि किसी महिला के पास लाइसेंसी पिस्तौल है तो क्या यह अपने आप में अपराध है।

दुखनी सोरेन ने स्पष्ट किया कि वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार उनका लाइसेंसी हथियार है और उन्होंने किसी प्रकार का गैरकानूनी कार्य नहीं किया है।

इधर, वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो ‘आदिवासी दुखनी सोरेन’ नाम से संचालित फेसबुक आईडी पर पोस्ट किया गया था।

कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने सार्वजनिक स्थान पर हथियार दिखाई देने को लेकर सवाल उठाते हुए पुलिस से मामले की जांच की मांग की है। वहीं, कुछ लोगों ने प्रभावशाली और आम लोगों के लिए कानून के अलग-अलग तरीके से लागू होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

इन चर्चाओं पर दुखनी सोरेन ने कहा कि लोग इस मामले पर जो चर्चा करना चाहते हैं, कर सकते हैं। उनकी ओर से किसी भी तरह का गैरकानूनी काम नहीं किया गया है। उन्होंने दोहराया कि वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार उनका लाइसेंसी हथियार है।

Read Also- Jamshedpur News: जमशेदपुर में चंपई सोरेन की बेटी का हथियार के साथ वीडियो वायरल, पुलिस जांच की उठ रही मांग

Related Articles

Leave a Comment