Dhanbad: झारखंड के झरिया थाना क्षेत्र के चौथाई कुल्ली इलाके में अचानक हुए भू-धंसान ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। इस घटना में एक घर पूरी तरह जमीन में समा गया, जबकि आसपास के कई मकानों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। भू-धंसान के कारण दर्जनों घरों की दीवारों और जमीन में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं। कुछ मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे वहां रहने वाले लोगों में भय का माहौल है।
घटना के बाद स्थानीय लोग दहशत में आ गए हैं। खतरे को देखते हुए कई परिवारों ने आनन-फानन में अपने घरों से जरूरी सामान बाहर निकाल लिया और सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया। कई लोग घरों के बाहर खुले में रहने को मजबूर हैं और हर पल किसी बड़े हादसे की आशंका से डरे हुए हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी भू-धंसान की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इस बार नुकसान काफी ज्यादा हुआ है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल राहत, सुरक्षा और पुनर्वास की मांग की है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में डर और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

