रांची: रांची विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मियों के समग्र स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्थापित ‘हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर’ का उद्घाटन मंगलवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर परिसर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह केंद्र शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक संतुलन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने इस स्थापना के लिए विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी।
युवाओं से जीवन में संतुलन बनाए रखने की अपील
राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्वस्थ शरीर और संतुलित मन भी उतने ही आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से जीवन में संतुलन बनाए रखने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा नियमित योग, ध्यान और व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास सफलता के प्रमुख आधार हैं तथा चुनौतियों को अवसर में बदलने की क्षमता युवाओं में विकसित होनी चाहिए।
तनाव और चिंता जैसी स्थितियों में समय पर लें परामर्श
मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर जोर देते हुए राज्यपाल ने कहा कि तनाव और चिंता जैसी स्थितियों में समय पर परामर्श लेना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र विश्वविद्यालय समुदाय को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करेगा। साथ ही बताया कि रिम्स रांची और सीआईपी जैसे संस्थानों के सहयोग से यह केंद्र प्रभावी रूप से कार्य करेगा, जिससे विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ विद्यार्थियों और कर्मियों को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि देश “विकसित भारत” के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और फिट इंडिया मूवमेंटव तथा आयुष्मान भारत जैसी पहलें युवाओं के समग्र विकास को सुदृढ़ कर रही हैं। यह केंद्र शिक्षा और स्वास्थ्य के समन्वित दृष्टिकोण का उत्कृष्ट उदाहरण है तथा अन्य शिक्षण संस्थानों के लिए प्रेरणा बनेगा।
इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य आज एक गंभीर विषय बन चुका है और बड़ी संख्या में लोग मानसिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस केंद्र का भरपूर उपयोग करें और मनोचिकित्सक या परामर्शदाता के पास जाने में झिझक न करें। इस वेलनेस सेंटर में नियमित रूप से काउंसलर रहेंगे, टेली काउंसलिंग भी होगी।।

