RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची में अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने रविवार को देर रात विशेष अभियान चलाया। शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में एक साथ एंटी क्राइम चेकिंग के साथ ड्रंक एंड ड्राइव जांच अभियान संचालित किया गया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों, व्यक्तियों और देर रात घूमने वालों की गहन जांच की गई। अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ शराब पीकर वाहन चलाने वालों की पहचान के लिए ब्रेथ एनालाइजर मशीन का भी इस्तेमाल किया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की।
इस विशेष अभियान में सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी सहित कई वरीय पुलिस पदाधिकारी स्वयं मौजूद रहे और विभिन्न जांच स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने चेकिंग अभियान की निगरानी करते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। सिटी एसपी ने कहा कि अपराध पर अंकुश लगाने, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

