
Jamshedpur : टाटा स्टील ने हाल ही में किए गए संगठनात्मक बदलावों के बाद बिजनेस यूनिट प्रोजेक्ट रिव्यू ग्रुप (BU-PRG) टीएसके का पुनर्गठन तत्काल प्रभाव से कर दिया है। कंपनी प्रबंधन की ओर से जारी इस आदेश के अनुसार कलिंगानगर ऑपरेशन के वाइस प्रेसिडेंट उत्तम सिंह को समिति का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। वहीं इस कदम का उद्देश्य विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा समयबद्ध बनाना है।
वरिष्ठ अधिकारियों को मिली अहम जिम्मेदारी
पुनर्गठित समिति में कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है। इनमें वाइस प्रेसिडेंट प्रबॉल घोष, चीफ अजीत कर, अरविंद कुमार सिंह, आशुतोष कुमार, जीएम हरबिंदर सिंह दीपक, मनीष कुमार सिंह, एनआईएनएल के एमडी एवं सीईओ पद्मपाल, पंकज हरिश्चंद्र भूरे, राहुल कुमार, राजीव कुमार चौधरी, राजू अग्रवाल, शंकर विश्वास, सुभाष कुमार सिन्हा, सुव्रांसु शेखर राउत, विलास गायकवाड सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। अयन मुखर्जी को समिति का कन्वीनर बनाया गया है।
वन आईटी और फाइनेंशियल एनालिस्ट भी होंगे शामिल
समिति के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए चेयरपर्सन को मुख्य सूचना अधिकारी (CIO) से परामर्श कर वन आईटी से एक प्रतिनिधि को आमंत्रित सदस्य के रूप में नामित करने का अधिकार दिया गया है। इसके अलावा संबंधित बिजनेस यूनिट या डिवीजन के फाइनेंशियल एनालिस्ट को भी उन प्रस्तावों की समीक्षा के लिए नामित किया जाएगा, जिन पर समिति में विचार किया जाना है।
हर महीने होगी समीक्षा बैठक
नई व्यवस्था के तहत बीयू-पीआरजी की बैठक प्रत्येक माह आयोजित की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर विशेष बैठक भी बुलाई जा सकेगी। इन बैठकों में परियोजनाओं की प्रगति, निवेश प्रस्ताव, वित्तीय व्यवहार्यता और कार्यान्वयन की स्थिति की समीक्षा की जाएगी ताकि निर्णय प्रक्रिया को अधिक तेज और प्रभावी बनाया जा सके।
संगठनात्मक बदलावों के अनुरूप नई पहल
कंपनी के हालिया संगठनात्मक पुनर्संरचना के बाद बीयू-पीआरजी का यह पुनर्गठन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे विभिन्न बिजनेस यूनिटों के बीच बेहतर समन्वय, परियोजनाओं की नियमित निगरानी और संसाधनों के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। नई समिति रणनीतिक परियोजनाओं की समयबद्ध समीक्षा और निर्णय प्रक्रिया को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।

