Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली में लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया गया है। गुरुवार को बाइक सवार बदमाशों ने आरबीएल (रत्नाकर बैंक लिमिटेड) बैंक के एजेंट को पिस्तौल की नोक पर लूट लिया। बैंक एजेंट के बैग में डेढ़ लाख रुपए थे। बदमाश डेढ़ लाख रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो गया।
घाटशिला के रहने वाले हैं बैंक एजेंट
बताते हैं कि बदमाशों ने बैंक एजेंट को निशाना बनाकर फायरिंग भी की थी। लेकिन, बैंक एजेंट इस घटना में बाल बाल बच गए। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद किया है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। जिस बैंक एजेंट के साथ लूट की यह घटना हुई है, उनका नाम नरेन भगत है। वह घाटशिला के जुड़ी गांव के रहने वाले हैं। नरेन भगत ने बताया कि वह पैसे का कलेक्शन करने के लिए कपाली गए थे।
अंसार नगर मस्जिद के पास हुई लूट की घटना
अंसार नगर में मस्जिद के पास एक जगह से पैसे का कलेक्शन कर जब वह वापस पार्टी की तरफ लौट रहे थे। तभी दो बदमाश वहां पहुंचे। बदमाश बाइक पर सवार थे। एक बदमाश बाइक लेकर दूर खड़ा था। दूसरा बदमाश बाइक से उतरा और नरेन भगत की तरफ निशाना साध कर गोली चलाई। गोली नरेन भगत को नहीं लगी। लेकिन, तब तक बदमाश पिस्तौल लेकर आगे आया और नरेन भगत के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन कर फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई लूट की इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है।

