
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय स्थित पुलिस केंद्र के सभागार में सोमवार को संपन्न हुए झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन, चाईबासा शाखा के चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। इसमें निवर्तमान पदाधिकारियों को करारी हार का सामना करना पड़ा, जबकि नए चेहरों ने शानदार जीत दर्ज की। इस बार का चुनाव पूर्व अध्यक्ष पिंटू कुमार सिंह की देखरेख में पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में कराया गया।
88% मतदान, देर रात तक चली मतगणना
चुनाव में कुल 1143 पंजीकृत मतदाताओं में से 1005 हवलदार और सिपाहियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो करीब 88% मतदान रहा। सुबह से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम तक चली। देर रात तक मतगणना जारी रहने के कारण पुलिस लाइन सभागार के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। मतगणना के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
अध्यक्ष पद पर प्रदीप मिंज की जीत
अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में प्रदीप कुमार ओलिभर मिंज ने 465 मत हासिल कर जीत का परचम लहराया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी किशनु मुर्मू को 92 वोटों के अंतर से हराया। किशनु मुर्मू को 373 मत प्राप्त हुए। अध्यक्ष पद की जीत को पुलिसकर्मियों के बीच बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
सचिव पद पर निवर्तमान को बड़ी हार
सचिव पद के चुनाव में सबसे बड़ा उलटफेर हुआ। अभय कुमार महतो ने 510 वोट लाकर निवर्तमान सचिव ताराचंद महतो को 255 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। अभय महतो की यह जीत एकतरफा रही।
कोषाध्यक्ष और उप-सभापति के नतीजे
कोषाध्यक्ष पद पर सुरेश चंद्र मांझी ने भी 510 वोट पाकर शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी सुरेश सुखदेव उरांव को 102 वोटों से हराया। वहीं उप-सभापति पद पर फेलिवस केरकेट्टा 425 मत प्राप्त कर विजयी रहे। सभी पदों के परिणाम देर रात घोषित किए गए।
निष्पक्ष चुनाव, पुलिसकर्मियों में उत्साह
हजारीबाग से विशेष रूप से पहुंचे पूर्व अध्यक्ष पिंटू कुमार सिंह ने चाईबासा के साथ-साथ चक्रधरपुर, जगन्नाथपुर,जामदा, मनोहरपुर सहित सभी अनुमंडलों में निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराया। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पूरा चुनाव शांतिपूर्ण रहा।
पुलिस लाइन में जश्न, नई टीम से उम्मीदें
परिणाम घोषित होते ही पुलिस लाइन में समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया और आतिशबाजी की। नए पदाधिकारियों के चयन से जिले के पुलिसकर्मियों में खासा उत्साह का माहौल है। पुलिसकर्मियों को उम्मीद है कि नई कार्य समिति उनकी वेतन विसंगति, आवास, चिकित्सा सुविधा, ड्यूटी संबंधी समस्याओं और कल्याणकारी योजनाओं का प्राथमिकता से समाधान करेगी। अब सबकी निगाहें नवनिर्वाचित टीम के कामकाज पर टिकी हैं।
Read Also: Chaibasa Crime: मनोहरपुर में शराब दुकान पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, ग्राहक और दुकानदार के बीच खूनी टकराव

