
खूंटी:खूंटी के रनिया में सोमवार की शाम ट्रैक्टर और ऑटो की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। ऑटो में सवार लोग हाट से लौट रहे थे। ओवरटेक की कोशिश में ट्रैक्टर से टक्करहुई।
यह दुर्घटना रनिया-मरचा सड़क पर ब्लंकेल गांव के समीप उस समय हुई, जब साप्ताहिक हाट से लौट रहे लोगों से भरे ऑटो को पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी।
मृतका की पहचान लोवा गांव निवासी रजनी सुरीन (35) के रूप में हुई है। हादसे में घायल सभी लोगों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रनिया में चल रहा है। सीएचसी प्रभारी डॉ आलोक बाड़ा ने बताया कि घायलों में बंधन मांझी, कुलदीप कंडुलना, अप्रेल कोनगाड़ी, निधिया सुरीन, सुनीता कुमारी, छह माह की प्रिस्का कोनगाड़ी, अमर होरो और शिवलाल मांझी शामिल हैं। अधिकांश घायलों को कमर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
घायलों में छह माह की प्रिस्का कोनगाड़ी के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, खूंटी रेफर किया गया है।
पीड़ितों ने बताया कि सोमवार शाम सभी लोग रनिया के साप्ताहिक हाट से ऑटो में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान खाद और अन्य सामान लादकर ब्लंकेल की ओर जा रहा एक ट्रैक्टर तेज गति से ऑटो के पीछे पहुंचा। बताया जाता है कि सामने से एक अन्य वाहन आने के बावजूद ट्रैक्टर चालक ने ऑटो को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस दौरान ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और उसके हल में ऑटो फंस गया, जिससे ऑटो पलट गया। दुर्घटना में ऑटो सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने ट्रैक्टर की तेज रफ्तार और ऑटो की ओवरलोडिंग को दुर्घटना का प्रमुख कारण बताया। उनका कहना है कि साप्ताहिक हाट के दिनों में अधिक कमाई के लालच में ऑटो और अन्य छोटे वाहनों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया जाता है। साथ ही वाहनों में अतिरिक्त सामान भी लादा जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार ट्रैक्टर की रफ्तार इतनी तेज थी कि सामने से आ रहे एक वाहन चालक को अपनी जान बचाने के लिए वाहन सड़क किनारे झाड़ियों में उतारना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही रनिया पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

