
DHANBAD: धनबाद के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जियलगोरा के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस दुर्घटना में एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। सभी घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार बोकारो जिले के चंदनकियारी थाना क्षेत्र के अमलाबाद निवासी एक परिवार सासाराम-डेहरी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकला था। वे धनबाद स्टेशन से ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। इसी दौरान जियलगोरा के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे। इस हादसे में परमेश्वर ठाकुर की पत्नी राजमणि देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में परमेश्वर ठाकुर को सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज एसएनएमएमसीएच में चल रहा है। अन्य घायलों को भी अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
READ ALSO: http://RANCHI NEWS: IAS पूजा सिंघल ने विदेश जाने की मांगी अनुमति, कोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित

