Home » iGOT Karmayogi : अब सरकारी कर्मचारी सीखेंगे हिंदी टाइपिंग, आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल पर शुरू हुआ विशेष प्रशिक्षण

iGOT Karmayogi : अब सरकारी कर्मचारी सीखेंगे हिंदी टाइपिंग, आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल पर शुरू हुआ विशेष प्रशिक्षण

by Nikhil Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड सरकार ने सरकारी कार्यालयों में हिंदी में कामकाज को बढ़ावा देने की दिशा में नई पहल की है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने राज्य के सभी स्तर के सरकारी कर्मियों को आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल पर उपलब्ध हिंदी टाइपिंग प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरा कराने का निर्देश दिया है। इस संबंध में विभाग के सचिव प्रवीण कुमार टोप्पो ने सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, विभागाध्यक्षों, प्रमंडलीय आयुक्तों और उपायुक्तों को पत्र भेजा है।

विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि सरकारी कर्मियों की हिंदी टंकण दक्षता बढ़ाने तथा कार्यालयी कार्यों के प्रभावी और त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से हिंदी टाइपिंग का विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तैयार कराया गया है। इसे सभी स्तर के सरकारी कर्मियों के लिए सुलभ बनाने के लिए आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल पर अपलोड किया गया है।

आईगॉट कर्मयोगी केंद्र सरकार की ‘मिशन कर्मयोगी’ पहल के तहत विकसित एक डिजिटल शिक्षण मंच है। इस पोर्टल पर सरकारी अधिकारी और कर्मचारी अपनी कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए विभिन्न विषयों से जुड़े ऑनलाइन प्रशिक्षण पाठ्यक्रम कर सकते हैं। अब इसमें हिंदी टाइपिंग का पाठ्यक्रम भी जोड़ा गया है, जिससे सरकारी कर्मी हिंदी टंकण का मूलभूत प्रशिक्षण आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

कार्मिक विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों और जिला प्रशासन के अधिकारियों से अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस पाठ्यक्रम को पूरा कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है। विभाग का मानना है कि इस पहल से सरकारी कार्यालयों में हिंदी में कार्य निष्पादन को बढ़ावा मिलेगा और प्रशासनिक कार्यों की गति भी तेज होगी।

Related Articles

Leave a Comment