
Jamshedpur : परसुडीह थाना पुलिस ने मंगलवार की शाम को गश्ती अभियान के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की, जिस पर नकली नंबर प्लेट लगी हुई थी। बुधवार को दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि मंगलवार रात गश्त के दौरान पुलिस की नजर दो संदिग्ध युवकों पर पड़ी। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। जांच के दौरान बाइक के दस्तावेज और नंबर प्लेट संदिग्ध पाए गए। सत्यापन में खुलासा हुआ कि मोटरसाइकिल चोरी की है और उसकी पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटा गोविंदपुर सुभाषनगर निवासी मंगल गोप और सुंदरहातु कोचा बस्ती निवासी गुरुचरण सरदार उर्फ छोटू सरदार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाने की बात स्वीकार की।
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद बाइक का इस्तेमाल किसी अन्य आपराधिक घटना में तो नहीं किया गया था।
गौरतलब है कि जमशेदपुर में इन दिनों बाइक चोर गिरोह सक्रिय है। आए दिन दोपहिया वाहन चोरी हो रहे हैं।

