
Jamshedpur : साकची स्थित बसंत टॉकीज के पास सब्जी मंडी में एक सब्जी विक्रेता की ईमानदारी ने लोगों का दिल जीत लिया। मंडी में खरीदारी के दौरान खोया हुआ करीब ढाई लाख रुपये मूल्य का सोने का गहना सुरक्षित वापस मिलने से डॉक्टर आरती के चेहरे पर खुशी लौट आई।
गौरतलब है कि मानगो निवासी डॉ. आरती ने हाल ही में एक ज्वेलरी शोरूम से सोने का आभूषण खरीदा था। मंगलवार को वह साकची सब्जी मंडी में खरीदारी करने पहुंचीं। इसी दौरान पर्स से पैसे निकालते समय उनका कीमती गहना कहीं गिर गया। काफी तलाश और लोगों से पूछताछ के बावजूद आभूषण का कोई पता नहीं चल सका।
गहना नहीं मिलने पर डॉ. आरती ने साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्हें लगने लगा था कि अब उनका कीमती आभूषण वापस मिलना मुश्किल है।
बुधवार को मंडी में सब्जी बेचने वाले अहमद को अपनी दुकान के पास वह सोने का गहना मिला। उन्होंने बिना किसी लालच के ईमानदारी दिखाते हुए इसकी सूचना संबंधित लोगों और पुलिस को दी। इसके बाद साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव की मौजूदगी में गहना डॉ. आरती को सौंप दिया गया।
अपना खोया हुआ आभूषण वापस मिलने पर डॉ. आरती ने अहमद का आभार व्यक्त किया और कहा कि आज के समय में ऐसी ईमानदारी दुर्लभ है। वहीं स्थानीय लोगों और मंडी के दुकानदारों ने भी अहमद की सराहना करते हुए उनके इस कदम को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। झारखंड के जमशेदपुर की यह घटना ईमानदारी और मानवता की एक खूबसूरत मिसाल बन गई है।
Read also Ranchi News: बोकारो ट्रेजरी घोटाला: सीआईडी की विशेष अदालत ने तीन आरोपितों की जमानत याचिका की खारिज

