
रांची : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 की तैयारी में जुटे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। झारखंड अधिविद्य परिषद ने परीक्षा की तारीख और प्रवेश पत्र से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, JETET-2026 का आयोजन एक नवंबर 2026 को राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में किया जाएगा। परीक्षा में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी शामिल होंगे।
पहली पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा
परीक्षा की पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। इस पाली में कक्षा छह से आठ तक पढ़ाने की पात्रता प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
दूसरी पाली का आयोजन दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक किया जाएगा। इसमें प्राथमिक स्तर यानी कक्षा एक से पांच तक के शिक्षक अभ्यर्थी शामिल होंगे। दोनों पालियों के लिए परीक्षा केंद्र और रिपोर्टिंग समय की जानकारी प्रवेश पत्र में दी जाएगी।
15 अक्टूबर से मिलेगा प्रवेश पत्र
अभ्यर्थी 15 अक्टूबर 2026 से परिषद की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परिषद ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र डाक या किसी दूसरे माध्यम से नहीं भेजा जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक से ही इसे डाउनलोड करना होगा।
परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना आवश्यक होगा। दोनों पालियों में परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पहले केंद्र का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मूल पहचान पत्र के बिना नहीं मिलेगा प्रवेश
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र के साथ एक वैध मूल फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। पहचान पत्र की छायाप्रति स्वीकार नहीं की जाएगी। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। अभ्यर्थियों को परिषद द्वारा जारी सभी नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिलेगा अतिरिक्त समय
दृष्टिबाधित, सेरेब्रल पाल्सी और दोनों हाथों से दिव्यांग अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों के अंतर्गत 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। आवश्यक शर्तें पूरी करने वाले अभ्यर्थी श्रुतिलेखक की सुविधा भी प्राप्त कर सकेंगे।
इसके लिए संबंधित अभ्यर्थी को परीक्षा से पहले अपने जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में आवेदन और दिव्यांगता प्रमाणपत्र जमा करना होगा। नियमों के अनुसार श्रुतिलेखक की अनुमति जिला शिक्षा पदाधिकारी देंगे और इसकी सूचना परिषद को भेजी जाएगी।
अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के बाद नाम, फोटो, परीक्षा केंद्र, पाली और अन्य विवरणों की सावधानी से जांच कर लें तथा किसी त्रुटि की स्थिति में समय रहते संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।
Read Also: Chest Pain : सीने में दर्द को सिर्फ गैस या घबराहट न समझें, ऐसे पहचानें हार्ट और पैनिक अटैक का अंतर

