
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनोहरपुर-धानापाली मुख्य मार्ग पर सिमिरता गांव के पास मंगलवार को देर रात एक भीषण सड़क हादसा एक गया। रेंगाड़बेड़ा गांव का रहने वाला 22 वर्षीय सुजीत महतो अपने बीमार पिता को इलाज के लिए बाइक से लेकर अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में डुमिरता मैदान के पास अचानक सड़क पर एक मवेशी आ गया।
मवेशी को बचाने के चक्कर में सुजीत ने अपनी बाइक पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जोरदार ढंग से पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में सुजीत के सिर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव व चोट के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, आधी रात के आसपास करीब 12 बजे यह हादसा हुआ। जैसे ही आसपास के लोगों को घटना की भनक लगी, इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही मनोहरपुर थाना की पुलिस तुरंत दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाया और युवक के शव को अपने कब्जे में लिया।
बुधवार की सुबह पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर स्थित अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे रेंगाड़बेड़ा गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

