Home » Jharkhand Health Department : झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया बल, सीएम ने 262 अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

Jharkhand Health Department : झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया बल, सीएम ने 262 अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

जनता के पैसे से मिलता है वेतन, ईमानदारी और समर्पण से निभाएं जिम्मेदारी : CM हेमंत सोरेन

by Nikhil Kumar
Cm hemanrt soren
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को प्रोजेक्ट भवन में आयोजित समारोह में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न सेवाओं के 262 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने नवनियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह केवल नौकरी प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि जनता की सेवा का एक महत्वपूर्ण दायित्व है। सरकार ने युवाओं को अपनी व्यवस्था का हिस्सा बनाया है और अब उनकी जिम्मेदारी है कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन सभी चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों के लिए खुशी का अवसर है। लंबे समय से रोजगार और भविष्य को लेकर जो चिंताएं थीं, वे अब समाप्त हो गई हैं। उन्होंने कहा कि नौकरी मिलने के साथ ही जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। सरकार ने भरोसा जताते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है और उम्मीद है कि वे जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।


हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों को मिलने वाला वेतन जनता के कर और संसाधनों से आता है। इसलिए प्रत्येक कर्मचारी का यह नैतिक दायित्व है कि वह अपने कार्य को केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा के रूप में देखे। उन्होंने कहा, जिस काम के लिए आपको चुना गया है, उसे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करना चाहिए। गलती किसी से भी हो सकती है, लेकिन अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा ऐसा क्षेत्र है जहां कर्मचारियों की कार्यशैली सीधे आम लोगों के जीवन और स्वास्थ्य को प्रभावित करती है। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है और नई नियुक्तियां उसी प्रयास का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। इसके लिए अस्पतालों में मानव संसाधन की कमी को दूर करने के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। नवनियुक्त कर्मियों की भूमिका इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। रोजगार उपलब्ध कराकर सरकार ने युवाओं को राज्य निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ा है। अब यह युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे अपने कार्य और व्यवहार से जनता का विश्वास जीतें तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में योगदान दें।

समारोह के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका समर्पण, कार्य संस्कृति और सेवा भाव ही झारखंड की प्रगति तथा जनता के विश्वास को और मजबूत करेगा।

झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बड़ा बल, जल्द होगी 1200 डॉक्टरों और 7500 एएनएम-जीएनएम की नियुक्ति : इरफान अंसारी

स्वास्थ्य विभाग के तहत बुधवार को प्रोजेक्ट भवन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के अवसर पर विशिष्ट अतिथि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जल्द ही बड़े पैमाने पर नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने बताया कि जेपीएससी के माध्यम से 1200 चिकित्सकों की नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूरी होगी, जबकि 7500 एएनएम और जीएनएम की भी बहाली की जाएगी। इनकी तैनाती जिला अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में की जाएगी, जिससे राज्य में डॉक्टरों और नर्सों की कमी काफी हद तक दूर हो जाएगी।

डॉ. अंसारी ने कहा कि सरकार डॉक्टरों की समस्याओं का समाधान कर रही है। उन्हें मानदेय, प्रोत्साहन राशि और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि राज्य के चिकित्सकों का पलायन रुके। उन्होंने कहा कि अब दूसरे राज्यों के डॉक्टर भी झारखंड के सुदूरवर्ती इलाकों जैसे दुमका, राजमहल, साहिबगंज और जामताड़ा में सेवा देने के इच्छुक हैं। मंत्री ने चिकित्सकों से निर्भीक होकर कार्य करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

डॉक्टर रेफर करना बंद करें, खाद्य सुरक्षा का रखें ध्यान: अजय कुमार सिंह

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि विभाग के अंतर्गत जेपीएससी के माध्यम से 56 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, 151 विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी, 29 अस्पताल प्रबंधक और 26 वित्त प्रबंधकों की नियुक्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 में 1042 तथा 2025-26 में 331 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए थे और अब 262 नए अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की जा रही है।

अपर मुख्य सचिव ने नव नियुक्त खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे होटल, रेस्तरां, ढाबों और ठेलों में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने खाद्य पदार्थों की जांच के लिए प्रयोगशाला की व्यवस्था की है तथा आवश्यकता पड़ने पर नमूनों की जांच कोलकाता और भुवनेश्वर की प्रयोगशालाओं में भी कराई जाएगी।

उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों से मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर करने की प्रवृत्ति समाप्त करने और जिला अस्पतालों में अधिक से अधिक उपचार एवं सर्जरी सुनिश्चित करने को कहा। अजय कुमार सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा चिकित्सकों को उनकी पसंद के अनुरूप पदस्थापन, मानदेय और प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है। ऐसे में मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।

Read Also- Ranchi News : रांची में ACB के विशेष लोक अभियोजक विनीत वशिष्ठ की कार में टक्कर, हत्या की साजिश की आशंका

Related Articles

Leave a Comment