चाईबासा : बिजली की बढ़ी दरों और भीषण पेयजल संकट को लेकर गुरुवार को चाईबासा में भाजपा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपाइयों ने हांडी, डब्बा और बर्तन लेकर गौशाला चौक से जिला समाहरणालय तक विशाल रैली निकाली।
पूर्व CM और सांसद भी हुए शामिल
प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई और भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और समाहरणालय के समक्ष धरना दिया।
गीता कोड़ा ने सरकार को बताया निकम्मी
पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “हेमंत सरकार पूरी तरह से निकम्मी साबित हुई है। चाहे चापाकल की बात हो, पेयजल आपूर्ति हो या बिजली आपूर्ति, हर मोर्चे पर सरकार फेल है।” इस दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “क्या हुआ तेरा वादा।”
बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीण: मधुकोड़ा
मधु कोड़ा ने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ घोषणाएं कर रही है, धरातल पर कोई काम नहीं हो रहा। आज गर्मी में लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं, लेकिन सरकार को जनता की कोई चिंता नहीं है। बिजली कटौती से लोग परेशान हैं और महंगी बिजली ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। झारखंड सरकार में सिर्फ लूट मचा हुआ है धरातल पर कोई काम नहीं हो रहा है। 24 घंटे बिजली-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
एक सप्ताह का अल्टीमेटम
भाजपा ने जिला प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति दुरुस्त नहीं की गई तो भाजपा आम जनता के साथ उग्र आंदोलन करेगी।
Read Also- Jamshedpur News: सिर पर लकड़ी लेकर डीसी ऑफिस पहुंचे झामुमो कार्यकर्ताओं ने चूल्हे पर बनाई चाय

