Jamshedpur : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत गुड़ाबांदा प्रखंड की रहने वाली एक महिला की आंध्र प्रदेश में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने के बाद जिला प्रशासन ने मानवीय पहल करते हुए उनके पार्थिव शरीर को झारखंड लाने की व्यवस्था की। सोशल मीडिया में मामला सामने आने के बाद उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।
मृतका का नाम पुड़गी मुर्मू है, जो गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के मुचरीशोल गांव की निवासी थीं। 13 जून को विशाखापट्टनम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर उनका आकस्मिक निधन हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही श्रम विभाग के अधिकारियों ने राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), विशाखापट्टनम से संपर्क स्थापित किया। इसके साथ ही आंध्र प्रदेश की सहयोगी संस्था माइग्रेंट असिस्टेंस एंड इंफॉर्मेशन नेटवर्क (एमएआईएन) के माध्यम से पूरे मामले का सत्यापन कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को एम्बुलेंस से झारखंड स्थित उनके पैतृक गांव भेजने की व्यवस्था की गई।
जिला प्रशासन ने मृतका के माता-पिता को मुख्यमंत्री झारखंड दुर्घटना कोष योजना के तहत स्वीकृत आर्थिक सहायता से संबंधित चेक भी उपलब्ध कराया है। प्रशासन की इस संवेदनशील पहल की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए राज्य सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्टेट माइग्रेंट कंट्रोल रूम (ओसएमसीआर) ने पूरी प्रक्रिया के दौरान शोक संतप्त परिवार और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा। सभी कानूनी और पोस्टमार्टम संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पुड़गी मुर्मू का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए उनके गांव रवाना कर दिया गया।
Read Also: Chaibasa News : सेल की चार खदानों में बायोमीट्रिक हाजिरी पर टकराव शुरू, उत्पादन ठप

