Khunti : झारखंड के खूंटी जिला अंतर्गत रनिया थाना क्षेत्र स्थित बांगुरकुलम झोराटोली गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां दो पोतों ने अपनी 69 वर्षीय दादी पुटकी देवी की हत्या कर शव को प्लास्टिक के बोरे में भरकर कोयल नदी के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपी पोतों सोनू झोरा और जतरू झोरा को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि 12 जून की शाम गांव के हाटिंगहोड़े में साप्ताहिक हाट लगी थी। उस समय पुटकी देवी का बेटा और बहू बाजार गए हुए थे। घर पर मौजूद पुटकी देवी और उनके दोनों पोतों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पोतों ने वृद्धा को धक्का दे दिया, जिससे उनके माथे में गंभीर चोट लग गई और अधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद दोनों आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। उन्होंने शव को प्लास्टिक के बोरे में भरकर कोयल नदी किनारे गुलर के पेड़ के नीचे झाड़ियों में छिपा दिया। वहीं घर के आंगन में गिरे खून के निशानों को मिटाने के लिए गोबर से लीप दिया गया।
शाम को जब पुटकी देवी का बेटा और बहू हाट से लौटे तो वृद्धा घर में नहीं मिलीं। आंगन में खून के निशान और उन्हें छिपाने के प्रयास को देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। गांव में चर्चा के बाद मामला धीरे-धीरे स्पष्ट हुआ और मृतका के पुत्र ने 14 जून को रनिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
मामले की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी श्यामल कुम्भकार के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कोयल नदी के किनारे झाड़ियों से प्लास्टिक के बोरे में बंद पुटकी देवी का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Read Also- Chaibasa News : सेल की चार खदानों में बायोमीट्रिक हाजिरी पर टकराव शुरू, उत्पादन ठप

