Home » Jamshedpur News: पोटका में कल से शुरू होगा कोल्हान का सबसे बड़ा हरिणा मेला, तैयारियां पूरी

Jamshedpur News: पोटका में कल से शुरू होगा कोल्हान का सबसे बड़ा हरिणा मेला, तैयारियां पूरी

पोटका विधायक संजीव सरदार ने हरिणा पहुंचकर मेले की तैयारियों का जायजा लिया और आश्रम समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पोटका प्रखंड स्थित मुक्तेश्वर धाम हरिणा में रोजो संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाले कोल्हान के सबसे बड़े पांच दिवसीय हरिणा मेला का शुभारंभ सोमवार से होगा। मेले के सफल आयोजन को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। मुक्तेश्वर धाम आश्रम समिति और प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। सोमवार सुबह पातभोक्ता अनुष्ठान के साथ मेले का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा।

रविवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने हरिणा पहुंचकर मेले की तैयारियों का जायजा लिया और आश्रम समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के बाद उन्होंने अपनी वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए मंदिर के पुजारियों और पातभोक्ताओं के बीच अंगवस्त्र का वितरण किया।

इस मौके पर विधायक ने कहा कि वह कई वर्षों से मेले के शुभारंभ से पहले पुजारियों और पातभोक्ताओं को वस्त्र प्रदान करते आ रहे हैं और यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि सोमवार को मेले के उद्घाटन के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच चना-गुड़ और शरबत का वितरण भी किया जाएगा।

विधायक ने लोगों से बड़ी संख्या में मेले में शामिल होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हिस्सा बनने तथा मेले की गरिमा बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि मुक्तेश्वर धाम आज एक महत्वपूर्ण आस्था एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो चुका है। हरिणा मेला में झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन एवं मेला समिति को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने और पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

निरीक्षण एवं बैठक के दौरान मुख्य पुजारी सह ग्रामप्रधान बज्रांकन दंडपात, आश्रम समिति के अध्यक्ष दीपंकर सीट, पुजारी विकास पंडा, राखु प्रहराज, अम्बुज दंडपात, राकेश दंडपात तथा मेला समिति के सितांसु नायक, रशानन्द सीट, अनिरुद्ध नायक, अमल सीट, खिरोद सीट, सरोज सीट, सूरज नायक, अमित कालिंदी, सनातन सरदार सहित कई सदस्य और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Read also Chaibasa News : पश्चिमी सिंहभूम में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ओड़िया समाज का लोकपर्व रजो संक्रांति

Related Articles