Home » Koderma Kidnapping: साली से शादी की चाह में साले का अपहरण, पुलिस ने पकड़ा तो खोला राज

Koderma Kidnapping: साली से शादी की चाह में साले का अपहरण, पुलिस ने पकड़ा तो खोला राज

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोडरमा। कोडरमा जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। साली से शादी करने की चाह में एक व्यक्ति ने अपने ही साले का अपहरण करवा दिया। हालांकि पुलिस की तत्परता से यह मामला महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया गया। पुलिस ने नाबालिग बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है और इस घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामले की जानकारी देते हुए कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने बताया कि तिलैया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 24 निवासी 14 वर्षीय एक बच्चे का बुधवार को अपहरण कर लिया गया था। बच्चा बेलाटांड स्कूल से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसे अगवा कर लिया गया। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और बच्चे की बहन वीणा देवी ने तिलैया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय जानकारी के आधार पर जांच शुरू की। इस दौरान शक के आधार पर बच्चे के बहनोई सूरज यादव को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा किया।

अपनी विधवा मंझली साली से शादी करना चाहता था आरोपी

सूरज यादव ने बताया कि वह अपनी विधवा मंझली साली से शादी करना चाहता था, लेकिन परिवार के लोग इसके लिए तैयार नहीं थे। ऐसे में उसने दबाव बनाने के उद्देश्य से अपने साले के अपहरण की साजिश रची। इस काम में उसने अपने दो साथियों को भी शामिल किया।

उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र निवासी पिंटू कुमार और तिलैया के मोरियामा निवासी संतोष सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया है। अपहरण के बाद बच्चे को संतोष सिन्हा के घर में छिपाकर रखा गया था, जहां से पुलिस ने उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।

एसपी ने बताया कि आरोपियों के बीच हुई बातचीत से यह भी संकेत मिला कि अगर उनकी योजना सफल नहीं होती, तो वे बच्चे को नुकसान पहुंचा सकते थे। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस घटना ने रिश्तों की मर्यादा और सामाजिक मूल्यों पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Read Also: Bokaro Treasury Scam: बोकारो कोषागार से अवैध निकासी मामले में करोड़ों की संपत्ति का खुलासा; CID जोड़ रही कड़ी से कड़ी

Related Articles

Leave a Comment