Home » Jharkhand SIR 2026 : मतदाता गणना के दौरान नहीं मांगे जाएंगे दस्तावेज, सीईओ के रवि कुमार ने किया स्पष्ट

Jharkhand SIR 2026 : मतदाता गणना के दौरान नहीं मांगे जाएंगे दस्तावेज, सीईओ के रवि कुमार ने किया स्पष्ट

by Nikhil Kumar
Jharkhand SIR 2026
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची :  झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मतदाता गणना और मैपिंग के दौरान किसी भी मतदाता से कोई दस्तावेज नहीं मांगा जाएगा। इस संबंध में कई जगह से सामने आ रही चर्चाओं के बीच मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झारखंड के रवि कुमार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार एन्यूमरेशन फेज में मतदाताओं को केवल भरा हुआ और हस्ताक्षरित एन्यूमरेशन फॉर्म तथा हाल की रंगीन फोटो जमा करनी होगी।

उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं ने स्वयं अथवा अपने माता-पिता के नाम की पूर्व एसआईआर मतदाता सूची से सफलतापूर्वक मैपिंग करा ली है, उन्हें किसी भी प्रकार का अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे मतदाताओं का नाम सीधे प्रारूप मतदाता सूची में प्रकाशित किया जाएगा। वहीं, जिन मतदाताओं की मैपिंग में किसी प्रकार की विसंगति है या अभी तक मैपिंग पूरी नहीं हो सकी है, उनके नाम भी प्रारूप मतदाता सूची में शामिल होंगे और संबंधित ईआरओ, एईआरओ तथा बीएलओ उनके रिकॉर्ड का मिलान कर विसंगतियों को दूर करने का प्रयास करेंगे।

सीईओ के रवि कुमार ने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चलने वाले एन्यूमरेशन चरण में बीएलओ घर-घर जाकर पहले से भरे हुए व्यक्तिगत एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करेंगे और भरे हुए फॉर्म प्राप्त करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को कोई अन्य दस्तावेज देने की जरूरत नहीं होगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल उन्हीं मतदाताओं से दस्तावेज मांगे जाएंगे जिन्हें 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026 के बीच नोटिस एवं सत्यापन अवधि में ईआरओ की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की संख्या बहुत कम रहने की संभावना है, क्योंकि अधिकांश मतदाताओं का रिकॉर्ड पूर्व एसआईआर मतदाता सूची में उपलब्ध है।

सीईओ के रवि कुमार ने बताया कि 14 जून 2026 तक राज्य के कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से 2.11 करोड़ यानी 79.73 प्रतिशत मतदाताओं की स्वयं अथवा अभिभावक आधारित मैपिंग पूरी हो चुकी है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह या भ्रम पर ध्यान न दें और निर्वाचन आयोग द्वारा तय प्रक्रिया के अनुसार ही अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा करें।

Read Also- Jharkhand Andolankari Pension : आंदोलनकारियों को सम्मान पेंशन पर कल कैबिनेट में लग सकती है मुहर 

Related Articles

Leave a Comment