
Jamshedpur: आनंद मार्ग प्रचारक संघ की ओर से बारेगोड़ा सामुदायिक उच्च विद्यालय में “विद्यार्थी जीवन में चित्त का महत्व” विषय पर एक प्रेरक व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुनील आनंद ने कहा कि समाज में होने वाली प्रत्येक क्रिया का प्रारंभ मन से होता है। कोई भी कार्य पहले मन में विचार के रूप में जन्म लेता है, उसके बाद वह व्यवहार में प्रकट होता है। इसलिए विद्यार्थियों के जीवन में मन और विशेष रूप से चित्त की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बच्चों को सकारात्मक, नैतिक एवं जीवनोपयोगी शिक्षा प्रदान करना आवश्यक
उन्होंने कहा कि बचपन में जो संस्कार, ज्ञान और विचार बच्चों को दिए जाते हैं, वे उनके चित्त में स्थायी रूप से अंकित हो जाते हैं और जीवनभर उनके व्यक्तित्व तथा आचरण को प्रभावित करते हैं। इसलिए बच्चों को सकारात्मक, नैतिक एवं जीवनोपयोगी शिक्षा प्रदान करना आवश्यक है। उन्हें हिंसात्मक, अश्लील एवं नकारात्मक सामग्री तथा ऐसे चलचित्रों से दूर रखना चाहिए, क्योंकि उनका प्रभाव चित्त पर गहराई से पड़ता है।
सुनील आनंद ने बताया कि चित्त मन का वह गहन आयाम है जिसमें स्मृतियां, अनुभव, भावनाएं और संस्कार सुरक्षित रहते हैं। व्यक्ति जितना अधिक उपयोगी ज्ञान, अच्छे विचार और श्रेष्ठ संस्कार अपने जीवन में अपनाता है, वे उसके चित्त में संग्रहित होते जाते हैं। आवश्यकता पड़ने पर वही ज्ञान और अनुभव स्मृति के रूप में सामने आते हैं और जीवन में मार्गदर्शन करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि विद्यार्थी जीवन तपस्या का काल है। इस समय का सदुपयोग अध्ययन, अनुशासन, चरित्र निर्माण और आत्मविकास में करना चाहिए। अच्छी बातें पढ़ना, सुनना, समझना, याद करना तथा उन्हें व्यवहार में उतारना स्मरण शक्ति को मजबूत बनाता है और चित्त को सकारात्मक बनाता है। इसके विपरीत अनावश्यक एवं नकारात्मक विषयों में अत्यधिक रुचि लेने से चित्त पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तथा सकारात्मक संस्कार कमजोर होने लगते हैं।
उन्होंने कहा कि तामसिक एवं राजसिक प्रवृत्तियों वाली सामग्री व्यक्ति और समाज दोनों को नकारात्मक दिशा में ले जाती है। यदि समाज को हिंसा, अपराध और अनैतिकता से मुक्त करना है तो बच्चों और युवाओं के चित्त को श्रेष्ठ विचारों, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक शिक्षा से समृद्ध करना होगा। फलदार एवं फूल वाले पौधे का वितरण इस मौके पर आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल एवं प्रीवेंशन आफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स एंड प्लांट्स (PCAP)जमशेदपुर की ओर से सामुदायिक उच्च विद्यालय बारेगोड़ा में कक्षा 9 एवं 10 के 200 विद्यार्थियों के बीच फलदार एवं फूल वाले पौधे का वितरण भी किया गया।

