
चाईबासा : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर सोमवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा स्थित शहीद पार्क चौक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध और उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं पर कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीतिमा बारी के नेतृत्व में यह प्रदर्शन आयोजित की गई। आक्रोशित कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। मौके पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीतिमा बारी ने कहा कि राहुल गांधी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की सबसे मुखर और सशक्त आवाज हैं। केंद्र सरकार दुर्भावनापूर्ण तरीके से एफआईआर दर्ज कराकर उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है, जिसे पार्टी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून का प्रयोग राजनीतिक प्रतिशोध के लिए नहीं, बल्कि निष्पक्ष न्याय व्यवस्था के लिए होना चाहिए। यदि उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कानून का उल्लंघन किया है, तो उन पर भी निष्पक्ष रूप से प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए।
वहीं, कांग्रेस के जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि पार्टी संविधान, लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी के लिए हमेशा सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने आज के प्रदर्शन को लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की लड़ाई बताया।
प्रदर्शन में ये नेता रहे शामिल
इस व्यापक विरोध-प्रदर्शन में कांग्रेस के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदेश महासचिव (संगठन एवं प्रशिक्षण) सुनित शर्मा,महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीतिमा बारी, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय,वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता: दिकु सावैयां, अशरफुल होदा, रंजीत यादव, सुरज मुखी, जाम्बी कुदादा, पुरुषोत्तम दास पान, इम्तियाज खान, सकारी दोंगो, राकेश सिंह, गुलजार अंसारी, संतोष सिन्हा, लियोनर्ड बोदरा, विजय लक्ष्मी सिंकु, गीता पूर्ति, सिकुर गोप, सावित्री सिरका, गोपाल बोदरा, मथुरा चामपिया, सत्यशिला हेमब्रम और सुशील दास।

