
Seraikela : दक्षिण पूर्व रेलवे जोन अंतर्गत चक्रधरपुर रेल मंडल के आदित्यपुर रेलवे स्टेशन में प्लेटफॉर्म नंबर-%4 पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, यात्री आसनसोल से टाटा-छपरा ट्रेन में सवार होकर आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर दक्षिण भारत की ओर जाने वाली दूसरी ट्रेन खड़ी थी। उसे पकड़ने की जल्दबाजी में यात्री टाटा-छपरा ट्रेन से उतरने लगा।
बताया जा रहा है कि ट्रेन में काफी भीड़ थी। उतरने के दौरान यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरा। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के साथ मौजूद साथी ने बताया कि भीड़ अधिक होने के कारण उतरते समय यात्री अपना संतुलन नहीं संभाल सका। हादसे के बाद स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वहीं, मृतक के परिजनों ने रेल पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद यदि समय पर एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल को अस्पताल पहुंचाया जाता तो संभवत: उसकी जान बच सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ पूरे मामले की जांच में जुटी।

