
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने युवाओं से निर्भीक होकर अपनी बात सरकार तक पहुंचाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आज देशभर में राजनीतिक दल युवाओं को झूठ और सच के माध्यम से दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। बड़े-बड़े विद्वान और पढ़े-लिखे लोग भी इसमें लगे हैं, जिसका समाज और देश पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया में कहा कि नौजवान आंदोलन के साथ-साथ सीधे सरकार के समक्ष भी अपनी बात रखें। सरकार अब केवल आंदोलन के माध्यम से ही नहीं, बल्कि घर बैठे युवाओं की सोच और उनकी समस्याओं को भी सुनने का प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि अलग-अलग माध्यमों से युवाओं की बात सुनी और समझी जाएगी तथा उनके सुझावों के अनुरूप व्यवस्था तैयार की जाएगी। यह बयान जेपीएससी-जेएसएससी समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच आया है। मुख्यमंत्री ने हाल के दिनों में युवाओं से संवाद के जरिए समाधान निकालने और उनकी बात सुनने पर जोर दिया है।

