
Ranchi : जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों के विधानसभा घेराव के एलान के बीच सोमवार को भाजपा ने भी राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया। सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लेकर मुख्यमंत्री आवास के बाहर पहुंचे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस्तीफे की मांग की। पुलिस भाजपा नेताओं को मुख्यमंत्री आवास से हटाने की कोशिश कर रही है। बाबूलाल मरांडी और आदित्य साहू प्रदर्शन के दौरान जमीन पर लेट गए भाजपा नेताओं को पकड़-पकड़ कर हटाया जा रहा है। बाबूलाल मरांडी समेत कई भाजपा नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है।
मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा को लेकर चारों ओर बैरिकेडिंग की गई है। इसके बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार कर मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
इधर, विधानसभा घेराव को लेकर जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों का भी जुटान शुरू हो गया है। पुराने विधानसभा के गेट के बाहर सैकड़ों की संख्या में छात्र पहुंच चुके हैं। छात्रों के हाथों में तिरंगा, पोस्टर और बैनर नजर आ रहे हैं।
अभ्यर्थी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पुराने विधानसभा से नए विधानसभा भवन की ओर मार्च करने की तैयारी में हैं। छात्रों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। विधानसभा घेराव और भाजपा के प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

