जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय ने स्नातक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में नामांकन की प्रक्रिया की तिथि घोषित कर दी है। कोल्हान विश्वविद्यालय की नामांकन समिति द्वारा लिए गए निर्णयों के आलोक में शैक्षणिक सत्र 2026-30 के चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम तथा 2026-29 के व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में नामांकन हेतु चांसलर पोर्टल 16 जून 2026 से 05 जुलाई 2026 तक खोला जाएगा। इसे लेकिन सोमवार को कोल्हान विश्वविद्यालय में समीक्षा बैठक में अधिष्ठाता (अकादमिक कार्य) डॉ. संजय यादव ने नामांकन प्रक्रिया की तैयारियों की समीक्षा की तथा सभी संबंधित महाविद्यालयों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर नामांकन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से समय पर आवेदन करने तथा विश्वविद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। विवि स्पष्ट कर दिया है कि एडमिशन के लिए अपार आईडी जरूरी है। बिना आईडी के छात्र आवेदन नहीं कर पाएंगे। ऐसे में छात्रों को समय रहते अपार आईडी बनवाने का निर्देश दिया गया है।
कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने सभी अभ्यर्थियों को आगामी नामांकन प्रक्रिया के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप विषयों का चयन करें तथा समय रहते आवेदन सुनिश्चित करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए सत्र में अधिकाधिक विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का लाभ प्राप्त करेंगे।
महत्वपूर्ण तिथियां
▪️ ऑनलाइन आवेदन: 16 जून से 05 जुलाई तक
▪️ ऑनलाइन भुगतान से संबंधित आपत्तियों का निराकरण: 06 जुलाई से 07 जुलाई तक
▪️ प्रथम मेधा सूची का प्रकाशन: 08 जुलाई
▪️ प्रथम मेधा सूची के आधार पर नामांकन: 08 जुलाई से 18 जुलाई तक
▪️ द्वितीय मेधा सूची का प्रकाशन एवं नामांकन (सीटें रिक्त रहने पर): 21 जुलाई से 25 जुलाई तक
▪️ तृतीय मेधा सूची का प्रकाशन एवं नामांकन (सीटें रिक्त रहने पर): 28 जुलाई से 31 जुलाई तक
▪️ कक्षाएं प्रारंभ: 03 अगस्त तक
विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
1. चांसलर पोर्टल पर आवेदन करते समय अपार आईडी का उपयोग करना सुनिश्चित करें, ताकि नाम, लिंग, जन्मतिथि एवं अन्य व्यक्तिगत विवरण स्वतः सही रूप में दर्ज हों तथा त्रुटियों की संभावना न्यूनतम रहे।
2. जिन विद्यार्थियों के पास अपार आईडी उपलब्ध नहीं है, वे आधार कार्ड के माध्यम से अपार आईडी बनाकर ही आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें।
3. आवेदन शुल्क घटाकर मात्र ₹25 कर दिया गया है। इसलिए विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अपने पसंदीदा विषय में नामांकन की संभावना बढ़ाने के लिए एक से अधिक महाविद्यालयों में आवेदन करें।
4. यदि कोई विद्यार्थी किसी विशेष महाविद्यालय में प्रवेश लेना चाहता है, तो उसे उसी महाविद्यालय में एक से अधिक विषयों के लिए आवेदन करना चाहिए। सीमित सीटों की स्थिति में इससे नामांकन की संभावना बढ़ जाती है।
5. इस वर्ष चांसलर पोर्टल पर जूलॉजी (Zoology) एवं बॉटनी (Botany) विषय में नामांकन के इच्छुक विद्यार्थियों को आवेदन करते समय विषय चयन में Zoology या Botany के स्थान पर “Life Science” विकल्प का चयन करना होगा।
6. विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते आवेदन करें, ताकि किसी भी तकनीकी या अन्य असुविधा से बचा जा सके।

