Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बकरी चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। चाकुलिया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह चोरी की बकरियों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि चाकुलिया के मुस्लिम बस्ती क्षेत्र से एक ग्रे रंग की कार में सवार तीन लोग बकरी चोरी कर जमशेदपुर की ओर भाग रहे हैं। सूचना के आधार पर चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से वाहन का पीछा किया। इस दौरान कार में सवार तीन आरोपियों में से एक मो. निसाद अंसारी उर्फ दानिस को पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी फरार होने में सफल रहे। तलाशी के दौरान कार से छह चोरी की बकरियां, बकरियों को लुभाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले तीन पैकेट ब्रेड, एक आईफोन मोबाइल और वाहन के दो अतिरिक्त नंबर प्लेट बरामद किए गए।

जांच में सामने आया है कि गिरोह सुनियोजित तरीके से बकरी चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी सुबह कार लेकर निकलते थे और जहां भी बकरी दिखाई देती, उसे ब्रेड खिलाकर कार के पास बुलाते थे। इसके बाद बकरी को वाहन में चढ़ाकर फरार हो जाते थे। गिरफ्तार आरोपी का काम वाहन चलाना बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का सरगना कपाली निवासी रूबी खान है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
मो. निसाद अंसारी उर्फ दानिस (26 वर्ष)
पिता : मो. शमशाद अख्तर
स्थायी पता : बनोलिया, नालंदा (बिहार)
वर्तमान पता : टॉप चौक, मैरी इंग्लिश स्कूल के समीप, कपाली, सरायकेला-खरसावां
बरामद सामान
एक कार (JH05DP3586)
छह बकरियां
तीन पैकेट ब्रेड
एक आईफोन मोबाइल
वाहन के दो अतिरिक्त नंबर प्लेट
पुलिस का कहना है कि ग्रामीण इलाकों में पशु चोरी की घटनाओं पर नजर रखी जा रही है और ऐसे गिरोहों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

