Jamshedpur : जमशेदपुर के डिमना स्थित वसुंधरा स्टेट और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले हजारों परिवारों की लंबे समय से चली आ रही परेशानी अब राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) तक पहुंच गई है। जन विकास मंच के प्रमुख और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने प्रस्तावित बस स्टैंड की जमीन पर हो रही कचरा डंपिंग के खिलाफ एनजीटी में याचिका दायर की है।
समाजसेवी सौरभ विष्णु ने बताया कि स्थानीय निवासियों की शिकायत मिलने के बाद उन्होंने संबंधित स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जिस लगभग 13 एकड़ भूमि पर शहर के लिए महत्वपूर्ण बस स्टैंड का निर्माण प्रस्तावित है, वहां बड़े पैमाने पर कचरा डंप किया जा रहा है। इससे पूरे इलाके में गंदगी, दुर्गंध और प्रदूषण की समस्या बढ़ती जा रही है।
उन्होंने कहा कि वसुंधरा स्टेट और आसपास के क्षेत्रों में हजारों परिवार निवास करते हैं, जिनमें बड़ी संख्या मध्यमवर्गीय लोगों की है। कचरा डंपिंग के कारण लोगों को रोजाना दुर्गंध और अस्वच्छ वातावरण का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा वसुंधरा स्टेट से बाहर निकलने का मुख्य मार्ग भी इसी क्षेत्र से होकर गुजरता है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
सौरभ विष्णु का आरोप है कि मानगो नगर निगम बस स्टैंड के लिए चिन्हित भूमि का उपयोग कचरा फेंकने के लिए कर रहा है। इससे एक ओर जहां शहर की महत्वपूर्ण विकास योजना प्रभावित हो रही है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
उन्होंने कहा कि लोगों ने इस स्थल पर आधुनिक बस स्टैंड बनने की उम्मीद की थी, लेकिन वर्तमान में यह स्थान कचरा डंपिंग यार्ड का रूप लेता जा रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है, क्योंकि कचरे से फैलने वाली दुर्गंध, जलभराव, संक्रमण और प्रदूषण का खतरा बढ़ जाएगा।
एनजीटी में दायर याचिका के माध्यम से सौरभ विष्णु ने मांग की है कि प्रस्तावित बस स्टैंड की भूमि पर तत्काल प्रभाव से कचरा डंपिंग रोकी जाए, पर्यावरणीय नियमों के तहत मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्र के लोगों को प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी संकट से राहत दिलाई जाए।
Read also Jamshedpur News: चाकुलिया में बकरी चोरी गिरोह का पर्दाफाश, चोरी की छह बकरियों समेत एक आरोपी गिरफ्तार

