Home » Giridih News: पिस्टल के बल पर कार, जेवरात और मोबाइल की लूट, पुलिस की घेराबंदी देख बिहार भागे बदमाश

Giridih News: पिस्टल के बल पर कार, जेवरात और मोबाइल की लूट, पुलिस की घेराबंदी देख बिहार भागे बदमाश

by Mujtaba Haider Rizvi
Giridih Car Robbery
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Giridih : जिले के बेंगाबाद-चतरो मार्ग पर रविवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने एक कार सवार से लूटपाट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बाइक पर सवार दो बदमाशों ने पिस्टल के बल पर कार रोककर चालक और उसके साथी से सोने की चेन, अंगूठी, मोबाइल फोन और कार लूट ली। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और घेराबंदी के चलते अपराधी लूटी गई कार को छोड़कर बिहार की ओर फरार हो गए।

गौरतलब है कि गांडेय स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में कार्यरत जेएसएस रामकुमार प्रसाद अपने मित्र शहरयार अंसारी के साथ रविवार रात मिर्जागंज स्थित जलीय सूर्य मंदिर से लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे बेंगाबाद-चतरो मार्ग पर पेसराटांड़ नदी पुल के पास एक ट्रक को पास देने के दौरान उन्होंने अपनी कार की गति धीमी की। इसी बीच पीछे से बाइक पर आए दो अपराधियों ने पिस्टल लहराते हुए उनकी कार रुकवा दी।

कार रुकते ही एक बदमाश ने गेट खोलकर पिस्टल की बट से रामकुमार प्रसाद के सिर पर हमला कर दिया और कार की चाबी छीन ली। वहीं दूसरा अपराधी उनके मित्र को जबरन कार से नीचे उतारकर मारपीट करने लगा। इसके बाद दोनों अपराधियों ने हथियार के बल पर सोने की चेन, अंगूठी और दोनों के मोबाइल फोन लूट लिए।

लूटपाट के बाद एक अपराधी बाइक से और दूसरा पीड़ित की नई कार लेकर छोटकी खरगडीहा की ओर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। बेंगाबाद थाना पुलिस के साथ-साथ जमुआ और देवरी थाना पुलिस को भी अलर्ट किया गया। इसके अलावा बिहार के जमुई जिले की चकाई थाना पुलिस को भी सूचना देकर सक्रिय किया गया।

दोनों राज्यों की पुलिस द्वारा की गई घेराबंदी और दबाव के कारण अपराधी लूटी गई कार को बेंगाबाद-जमुआ थाना सीमा के पास छोड़कर बिहार की ओर भाग निकले। पुलिस ने कार को बरामद कर थाना ले आई है।

घटना के संबंध में पीड़ित के आवेदन पर बेंगाबाद थाना में कांड संख्या 104/26 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। घायल को इलाज के लिए बेंगाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह ने बताया कि लूटी गई कार बरामद कर ली गई है। अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Read Also: Jamshedpur News: कोलकाता में इंटरव्यू के लिए जाने से पहले युवक को गोलमुरी में मारी गोली, एक संदिग्ध हिरासत में  

Related Articles