
धनबाद : जिले में चोर व अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ा हुआ है कि पुलिस टीम को भी निशाना बनाने में नहीं वे नहीं डरते। भूली ओपी क्षेत्र में एक चोर को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर अपराधियों ने घेरकर हमला बोल दिया। हमले में भूली ओपी के एएसआई हरिप्रकाश मिश्रा चोटिल हो गए हैं। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। वर्दीधारियों पर हुए इस हमले के बाद महकमे में अफरा-तफरी मच गई है।
छापेमारी करने गई थी पुलिस
घायल एएसआई हरिप्रकाश मिश्रा के मुताबिक, वे पुलिस टीम के साथ रूटीन गश्त पर थे। इसी दौरान एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के ठिकानों का सुराग दिया। सुराग के आधार पर पुलिस जैसे ही बाकी आरोपियों को दबोचने पहुंची, वहां पहले से मौजूद गिरोह के सदस्यों ने टीम को घेर लिया। धक्का-मुक्की और हाथापाई के बीच अचानक जोरदार हमला कर दिया, जिसमें एसआई जख्मी हो गए।
आरोपियों की तलाश में तेज हुई छापेमारी
घटना की खबर मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी हरकत में आ गए हैं। इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

