
धनबाद: सरायढेला के जगजीवन नगर (बी-टाइप) में शनिवार सुबह-सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां करण कुमार नामक युवक की कुछ लोगों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए पास के जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
सुबह 4 बजे निकला था घर से
परिजनों ने बताया कि करण शनिवार सुबह लगभग 4 बजे घर से निकला था। इसके कुछ ही देर बाद वह घर के पास गंभीर रूप से ज़ख्मी हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही सरायढेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से सबूत जुटाए गए और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए गए।
सड़कों पर उतरा गुस्सा,लगाई आग
युवक की मौत से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर रणधीर वर्मा चौक को जाम कर दिया। प्रदर्शन में भारी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं।
भीड़ ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की, जिससे काफी देर तक गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। इलाके में तनाव का माहौल बन गया। हालात बिगड़ते देख धनबाद और सरायढेला थाने की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए और रास्ता साफ हो सका।


