
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम उत्पाद विभाग की विशेष टीम ने शनिवार देर शाम बागबेड़ा और जुगसलाई थाना क्षेत्रों में अवैध चुलाई शराब के कारोबार के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर निरीक्षक उत्पाद धालभूम प्रक्षेत्र कुमार सत्येंद्र के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में करीब 290 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत कुल पांच अभियोग दर्ज किए जा रहे हैं।
उत्पाद विभाग के अनुसार, बागबेड़ा थाना क्षेत्र के वायरलेस मैदान के समीप अवैध चुलाई शराब बिक्री स्थल पर स्थानीय महिलाओं के विरोध के बावजूद टीम ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में शराब बरामद की। इसके बाद बागबेड़ा थाना के पीछे गुरुद्वारा मैदान के पास स्थित पार्वती देवी (55) के घर पर छापेमारी कर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई।
इसके बाद टीम ने जुगसलाई थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन किनारे खटीक मोहल्ला और दुखु मार्केट के सामने स्थित तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। यहां से भी भारी मात्रा में अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान दुखु मार्केट निवासी गोपाल राय (50) को अवैध शराब बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
उत्पाद विभाग ने बताया कि इस अभियान में जिन स्थानों पर कार्रवाई की गई उनमें वायरलेस मैदान के पास की गली, गुरुद्वारा मैदान के समीप स्थित पार्वती देवी का घर, जुगसलाई का खटीक मोहल्ला तथा दुखु मार्केट के सामने रेलवे लाइन किनारे स्थित अवैध शराब बिक्री स्थल शामिल हैं। खटीक मोहल्ला निवासी श्रवण खटीक (52) और विनोद खटीक (51) के विरुद्ध भी उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार विशेष अभियान जारी रहेगा तथा इस धंधे में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read also – Jamshedpur News: जुगसलाई में मलेरिया का बढ़ रहा प्रकोप, एंटी लार्वा छिड़काव शुरू

