Home » Jamshedpur News: शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर 80 किलोमीटर की ‘जोहार यात्रा’ निकालेगा झामुमो, डिमना से चाकुलिया तक होगा श्रद्धांजलि कार्यक्रम

Jamshedpur News: शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर 80 किलोमीटर की ‘जोहार यात्रा’ निकालेगा झामुमो, डिमना से चाकुलिया तक होगा श्रद्धांजलि कार्यक्रम

यात्रा के अंतिम पड़ाव बिरसा मुंडा चौक, चाकुलिया में आमसभा आयोजित होगी। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता और वक्ता शिबू सोरेन के जीवन संघर्ष, अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में उनके योगदान तथा उनके विचारों पर प्रकाश डालेंगे।

by Mujtaba Haider Rizvi
jmm press conference jamshedpur
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की ओर से शनिवार को साकची स्थित सर्किट हाउस सभागार में जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन की अध्यक्षता में संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी ने पद्मभूषण दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित होने वाले विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।

जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने बताया कि 4 अगस्त 2026 (मंगलवार) को दिशोम गुरु की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर “पद्मभूषण दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन अनुयहार (स्मृति) जोहार यात्रा” निकाली जाएगी। यह यात्रा अपराह्न 12:30 बजे बाबा तिलका मांझी चौक, डिमना से शुरू होकर लगभग 80 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए बिरसा मुंडा चौक, चाकुलिया पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि विशेष रूप से तैयार किए गए स्मृति रथ और वाहनों के बड़े काफिले के साथ यात्रा निकलेगी। इस दौरान नारगा चौक, राष्ट्रीय राजमार्ग-33, घाटशिला फूलडुंगरी चौक तथा धालभूमगढ़ चौक पर यात्रा का अल्पकालिक पड़ाव होगा। यहां पहले से मौजूद झामुमो के स्थानीय नेता, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक स्मृति रथ में स्थापित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देंगे।

झामुमो ने बताया कि यात्रा के दौरान उन पुराने आंदोलनकारियों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अलग झारखंड राज्य आंदोलन के दौरान शिबू सोरेन के साथ सक्रिय भूमिका निभाई थी। पार्टी का कहना है कि यह कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि झारखंड आंदोलन के इतिहास और दिशोम गुरु के संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी प्रयास होगा।

यात्रा के अंतिम पड़ाव बिरसा मुंडा चौक, चाकुलिया में आमसभा आयोजित होगी। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता और वक्ता शिबू सोरेन के जीवन संघर्ष, अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में उनके योगदान तथा उनके विचारों पर प्रकाश डालेंगे।

कार्यक्रम में जिले के सभी विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, केंद्रीय पदाधिकारी, केंद्रीय सदस्य, जिला कार्यसमिति सदस्य, महानगर संयोजक मंडली, महिला मोर्चा की नेत्रियां, सभी प्रखंड एवं पंचायत पदाधिकारी, महानगर की शाखाओं के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी।

संवाददाता सम्मेलन में जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के अलावा जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति, वरीय नेता खुद्दू उरांव, जिला कार्यालय सचिव प्रीतम हेंब्रम, सह कार्यालय सचिव सुशील हेंब्रम, अभय पांडेय, राजा पूर्ति और गोकुल मार्डी भी उपस्थित रहे।

Read also Jamshedpur News: विश्व स्तनपान सप्ताह 2026 : टाटा मेन हॉस्पिटल ने शुरू किया जागरूकता अभियान, मां और शिशु के स्वास्थ्य पर दिया जोर

Related Articles

Leave a Comment