Home » JamshedpurNews : ‘वन टाटा स्टील’ विजन को मिलेगा नया आयाम, वैश्विक रणनीति के लिए बनी स्ट्रेटेजी एग्जीक्यूटिव काउंसिल

JamshedpurNews : ‘वन टाटा स्टील’ विजन को मिलेगा नया आयाम, वैश्विक रणनीति के लिए बनी स्ट्रेटेजी एग्जीक्यूटिव काउंसिल

भारत, ब्रिटेन, नीदरलैंड्स और थाईलैंड के कारोबार के बीच बढ़ेगा समन्वय, एआई आधारित रणनीति और साझा बिजनेस प्लान पर होगा काम

by Arvind Shrivastava
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : टाटा स्टील ने अपने महत्वाकांक्षी ‘वन टाटा स्टील’ विजन को साकार करने और वैश्विक स्तर पर रणनीतिक एकीकरण को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने ‘वन टाटा स्टील स्ट्रेटेजी एग्जीक्यूटिव काउंसिल’ के गठन की घोषणा की है। यह काउंसिल भारत, ब्रिटेन, नीदरलैंड्स और थाईलैंड में संचालित टाटा स्टील के कारोबार को एक साझा रणनीतिक दिशा प्रदान करेगी तथा वैश्विक स्तर पर बेहतर समन्वय, जवाबदेही और उच्च प्रदर्शन की संस्कृति विकसित करेगी।
कंपनी के अनुसार, नई काउंसिल का उद्देश्य विभिन्न देशों में संचालित व्यवसायों और ग्लोबल फंक्शंस के बीच तालमेल स्थापित करना, रणनीतिक प्राथमिकताओं को एकीकृत करना तथा भविष्य की विकास योजनाओं को गति देना है। इसके माध्यम से व्यवसाय विस्तार, परिवर्तन और पोर्टफोलियो प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
काउंसिल वैश्विक बाजार की परिस्थितियों, स्टील की मांग-आपूर्ति, कच्चे माल की उपलब्धता, ऊर्जा लागत, विनिमय दरों और नई तकनीकों का लगातार विश्लेषण करेगी। साथ ही अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धियों की रणनीतियों और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का अध्ययन कर उन्हें पूरे संगठन में लागू करने की दिशा में काम करेगी।

टाटा स्टील पूरे एंटरप्राइज स्तर पर एकीकृत वार्षिक बिजनेस प्लान लागू करेगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और उन्नत डिजिटल तकनीकों की मदद से बिजनेस मॉडल को अधिक सक्षम और प्रतिस्पर्धी बनाया जाएगा। विभिन्न देशों में अपनाई जा रही सफल कार्यप्रणालियों और नवाचारों को पूरे संगठन में साझा किया जाएगा।

यह काउंसिल पूरी तरह लचीले और सहयोगात्मक मॉडल पर कार्य करेगी तथा हर दो महीने में बैठक कर प्रगति की समीक्षा, चुनौतियों के समाधान और भविष्य की रणनीतिक प्राथमिकताओं पर निर्णय लेगी। विशेष परियोजनाओं के लिए आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त विशेषज्ञों को भी शामिल किया जाएगा।

टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी टी. वी. नरेंद्रन इस काउंसिल के अध्यक्ष होंगे। कंपनी का मानना है कि यह पहल वैश्विक आकांक्षाओं और स्थानीय परिचालन के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करेगी तथा टाटा स्टील को एक अधिक चुस्त, एकीकृत और भविष्य के लिए तैयार वैश्विक स्टील कंपनी के रूप में मजबूत बनाएगी।

Related Articles

Leave a Comment