
Jamshedpur : जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में मलेरिया और डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए जुस्को ने शनिवार से एंटी मलेरिया लार्वा (एंटी लार्वा) छिड़काव अभियान शुरू कर दिया। यह कार्रवाई क्षेत्र के पार्षद अनिल मोदी और सत्यनारायण अग्रवाल (मुन्ना) द्वारा जिला सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल से मुलाकात कर तत्काल छिड़काव की मांग किए जाने के बाद शुरू हुई।
पार्षद अनिल मोदी ने कहा कि जुगसलाई घनी आबादी वाला इलाका है, जहां बारिश के दौरान जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। ऐसे में नियमित रूप से एंटी लार्वा का छिड़काव करना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस अभियान को लगातार जारी रखा जाना चाहिए, ताकि मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
वहीं पार्षद सत्यनारायण अग्रवाल (मुन्ना) ने कहा कि आम जनता का स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशासन और जुस्को का धन्यवाद देते हुए कहा कि समय पर शुरू किया गया यह अभियान जुगसलाई के लोगों के लिए राहत लेकर आया है। उन्होंने नगर परिषद से सभी वार्डों में नियमित अंतराल पर एंटी लार्वा छिड़काव और विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की भी मांग की।
दोनों पार्षदों ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए प्रशासन का सहयोग करें। उनका कहना है कि जनभागीदारी से ही मलेरिया और डेंगू जैसी संक्रामक बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
Read also – Jharkhand Bureaucracy Satire : नौकरशाही : सटलऽ त गईलऽ

