
Jamshedpur : झारखंड और ओडिशा के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रेलवे बोर्ड ने पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस (18411/18412) के परिचालन को मंजूरी दे दी है। रेलवे बोर्ड की ओर से 19 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, इस ट्रेन का परिचालन शुरू करने के लिए संबंधित रेलवे अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, ट्रेन किस तारीख से नियमित रूप से चलेगी, इसकी जानकारी अभी आदेश में नहीं दी गई है।
रेलवे बोर्ड ने ईस्ट कोस्ट रेलवे, भुवनेश्वर और दक्षिण पूर्व रेलवे, कोलकाता के महाप्रबंधकों को इस संबंध में सूचना भेजी है। आदेश में ट्रेन को जल्द से जल्द सुविधाजनक तिथि से शुरू करने और इसकी व्यापक जानकारी यात्रियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।
टाटानगर समेत इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
रेलवे बोर्ड के आदेश के मुताबिक, पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस का ठहराव टाटानगर, राजखरसावां, सीनी, चाईबासा, झिंकपानी, रायरंगपुर और औंलाजोरी जंक्शन समेत कई स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। इसके अलावा ट्रेन खुर्दा रोड, भुवनेश्वर, कटक, जखापुरा, सुकिंदा रोड, केंदुझर और अन्य स्टेशनों पर भी रुकेगी।
इस ट्रेन से कोल्हान क्षेत्र के यात्रियों को ओडिशा के प्रमुख शहरों और धार्मिक नगरी पुरी तक आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, बादामपहाड़ और रायरंगपुर क्षेत्र के यात्रियों को भी टाटानगर समेत अन्य प्रमुख स्टेशनों से रेल संपर्क का लाभ मिलेगा।
रोजाना चलेगी ट्रेन, एलएचबी कोच होंगे
रेलवे बोर्ड के आदेश में ट्रेन को प्रतिदिन चलाने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है। ट्रेन में एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इसके लिए दो एलएचबी रेक की आवश्यकता बताई गई है। ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव पुरी में किया जाएगा।
पुरी से बादामपहाड़ तक का समय
रेलवे बोर्ड के आदेश में दिए गए समय के अनुसार, पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस पुरी से रात 11:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 1:45 बजे बादामपहाड़ पहुंचेगी। वापसी में बादामपहाड़-पुरी एक्सप्रेस शाम 4 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6 बजे पुरी पहुंचेगी।
टाटानगर में पुरी जाने वाली ट्रेन का निर्धारित समय सुबह 11:30 से 11:40 बजे के बीच है, जबकि वापसी में ट्रेन शाम 5:55 से 6:05 बजे के बीच टाटानगर पहुंचेगी।
रेलवे बोर्ड ने निर्देश दिया है कि जरूरत पड़ने पर उद्घाटन ट्रेन को विशेष सेवा के रूप में चलाया जा सकता है। नियमित परिचालन की शुरुआत की तारीख की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

