
Jamshedpur : शहर में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बर्मामाइंस पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा है। इनमें दो युवक और एक विधि-विरुद्ध निरुद्ध बालक शामिल है। पुलिस ने इनके पास से दो देसी पिस्टल, 7.65 एमएम के दो जिंदा कारतूस, एक अतिरिक्त मैगजीन, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। शुरुआती जांच में कपाली निवासी मो. आबिद से 97 हजार रुपये में हथियार खरीदने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस मामले में हथियारों की आपूर्ति और खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कंटेनर यार्ड स्थित पास्ता साइडिंग के आसपास मोटरसाइकिल सवार तीन युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। आशंका थी कि वे किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस उपाधीक्षक नगर संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम बनाई गई। टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस को देखते ही भागने लगे आरोपी
पुलिस टीम को देखकर तीनों युवक भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक अतिरिक्त मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद हुए।
97 हजार रुपये में हथियार खरीदने की जानकारी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हथियार कपाली निवासी मो. आबिद से 97 हजार रुपये में खरीदे गए थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की आपूर्ति कहां से हुई और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल फोन और उनके संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इससे अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े दूसरे लोगों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
शहर में अपराध नियंत्रण के लिहाज से इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और हथियार तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा।
Read also – Jamshedpur News : जमशेदपुर के आशियाना गार्डन में दर्दनाक हादसा, छत से गिरकर 77 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

