
सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले की पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए केलाघाघ डैम के पास स्थित बुधराटोली इलाके से 11 लोगों को दबोच लिया है। यह पूरा गिरोह युवाओं की मासूमियत और उनकी नासमझी का फायदा उठाकर उन्हें अपने जाल में फंसा रहा था। पुलिस की इस दबिश के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
ऐसे चलाता था नशे का खेल
तलाशी के दौरान पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 8.3 ग्राम ब्राउन शुगर, 10 मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, दो लाइटर और नशे की पुड़िया बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले 150 पारदर्शी प्लास्टिक पाउच बरामद किए हैं। शुरुआती पूछताछ में जो बातें सामने आईं, वे वाकई डराने वाली हैं।
यह गैंग पहले कॉलेज और आसपास के युवाओं को अपनी गिरफ्त में लेने के लिए उन्हें बिल्कुल मुफ्त में नशा चखाता था।
जब युवा उस खतरनाक नशे के आदी हो जाते थे, तब उनसे पैसे मांगे जाते थे। धीरे-धीरे जब उनकी जेब खाली होने लगती और वे नशे के बिना एक पल भी नहीं रह पाते, तब यह शातिर गिरोह उन्हें ही इस अवैध धंधे में धकेल देता था। यानी जो पहले ग्राहक बनकर आए थे, वे कुछ ही दिनों में नशा बेचने वाले पैडलर बन जाते थे।
गुमला से होता था माल का कनेक्शन
पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क के तार सिर्फ सिमडेगा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इसका दायरा पड़ोसी जिले गुमला तक फैला हुआ है। पकड़े गए आरोपियों में सिमडेगा के साथ-साथ गुमला के भी कुछ युवक शामिल हैं। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि इनमें से कुछ मुख्य आरोपी गुमला के रहने वाले दीपक कुमार से लगभग 3,000 रुपये प्रति ग्राम के भाव से ब्राउन शुगर खरीदते थे। इसके बाद वे उसकी छोटी-छोटी पुड़िया तैयार करके बाजार में 500 रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।
रेकॉर्डेड अपराधी भी आया गिरफ्त में
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस धंधे में शामिल विवेक साहू नाम का एक आरोपी पहले भी जेल की हवा खा चुका है। उसके खिलाफ पहले से ही सिमडेगा थाने में मामले दर्ज हैं। इस ताजा मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और सभी 11 आरोपियों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
अभिभावकों के लिए एक बड़ी चेतावनी
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पुलिस प्रशासन ने सभी माता-पिता और अभिभावकों के लिए एक गंभीर अपील जारी की है। पुलिस का कहना है कि घर के बच्चों और युवाओं की हरकतों पर पैनी नजर रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि नशे का यह जाल बहुत ही शातिर तरीके से फैलाया जा रहा है। यदि किसी को भी अपने आसपास इस तरह के अवैध कारोबार की भनक लगे, तो तुरंत बिना किसी डर के नजदीकी थाने को इसकी सूचना दें ताकि आने वाली पीढ़ी को इस जहर से बचाया जा सके।
Read Also: CM हेमंत सोरेन का दिखा अलग अंदाज! कसमार में छोटी सी दुकान में घुसे चाय- पकौड़ा खाने, कल्पना ने संभाली किचेन

