
रांची : जेपीएससी- जेएसएससी में धांधली को ले राजधानी में 7 अगस्त को होने वाले विधानसभा मार्च और बड़े पैमाने पर प्रदर्शन के अल्टीमेटम को देखते हुए राज्यभर में सुरक्षा चौकसी बढ़ा दी गई है। कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के बीच स्पेशल ब्रांच ने सभी जिलों के डीसी और एसपी को अलर्ट मोड पर रहने के सख्त निर्देश दिए हैं।
सोशल मीडिया पर पैनी नजर, अफवाहों से सतर्क रहने के निर्देश
स्पेशल ब्रांच ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मैसेज को लेकर विशेष हिदायत दी है। चर्चा है कि परीक्षाओं में गड़बड़ी के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में छात्र नेता नेहा बोरा इस मार्च में शामिल होने रांची आ सकती हैं। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बरती जा रही है। स्पेशल ब्रांच ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर चल रही हर खबर को क्रॉस-चेक करने के बाद ही कोई एक्शन लिया जाए।
विभिन्न संगठनों के जुटने से पुलिस की बढ़ी सतर्कता
खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रदर्शन में भाकपा (माले) समेत कई अन्य छात्र संगठनों और युवाओं के भारी तादाद में जुटने की संभावना है। इसी वजह से संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा पुख्ता की जा रही है। सभी पुलिस कप्तानों और प्रशासनिक अफसरों को आपसी तालमेल बनाकर हर स्थिति पर 24 घंटे नजर रखने का आदेश दिया गया है।

