
Seraikela : सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ, 203 कोबरा बटालियन और एसएसबी की संयुक्त टीम ने भाकपा माओवादी संगठन के जोनल कमांडर रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार समेत तीन सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान अत्याधुनिक हथियार, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है।
सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर (टीलाडीह) गांव में माओवादी संगठन के सदस्य किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ, 203 कोबरा और एसएसबी की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर अभियान शुरू किया।
अभियान के पहले चरण में सुरक्षा बलों ने एक लोडेड एकेएम-47 रायफल के साथ माओवादी रवि सिंह सरदार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा इलाके में सुरक्षा बलों ने छापामारी की। यहां पश्चिम बंगाल-झारखंड-ओडिशा रीजनल कमेटी के सक्रिय सदस्य मदन महतो और रवि सिंह सरदार की पत्नी मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद
गिरफ्तार उग्रवादियों की निशानदेही पर दलमा पहाड़ और आसपास के ठिकानों से सुरक्षा बलों ने हथियारों और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद किया। बरामद सामान में एक लोडेड एकेएम-47 रायफल, दो मैगजीन, एक इंसास रायफल, एक मैगजीन, एक 9 एमएम पिस्टल, 500 से अधिक जिंदा कारतूस, दो बंडल कोडेक्स वायर, एक मोटोरोला वॉकी-टॉकी, पुलिस बेल्ट, टॉर्च, छाता और एक पल्सर मोटरसाइकिल शामिल है।
कई बड़ी घटनाओं में रहे हैं शामिल
203 कोबरा बटालियन के कमांडेंट पवन कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार माओवादी लंबे समय से कोल्हान, सारंडा और सिंहभूम क्षेत्र में सक्रिय थे। इन पर सुरक्षा बलों पर हमले, कुकड़ू में पुलिसकर्मियों की हत्या कर हथियार लूटने, आईईडी विस्फोट करने और ग्रामीणों की हत्या जैसी कई गंभीर घटनाओं में शामिल रहने का आरोप है।
उन्होंने सरायकेला पुलिस के नेतृत्व में चलाए गए संयुक्त अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी उपलब्धि है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार उग्रवादियों से पूछताछ जारी है और क्षेत्र में अन्य माओवादी गतिविधियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है।

